रांची: भारतीय जनता पार्टी 6 अप्रैल को अपना 47वां स्थापना दिवस पूरे झारखंड में उत्साह और धूमधाम के साथ मनाने जा रही है. इस मौके पर पार्टी के लाखों कार्यकर्ता और समर्थक अपने-अपने घरों पर पार्टी का झंडा लगाएंगे. कार्यक्रम के संयोजक और मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि इस दिन प्रदेश और जिला स्तर पर कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इनमें पार्टी की विचारधारा, इतिहास और विकास यात्रा पर चर्चा होगी. साथ ही पिछले करीब 12 वर्षों में नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा किए गए कार्यों और उपलब्धियों को भी साझा किया जाएगा.
कार्यक्रम में कई वरिष्ठ नेता होंगे शामिल
रांची स्थित प्रदेश कार्यालय में सुबह 11 बजे मुख्य कार्यक्रम होगा. इसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल होंगे. पार्टी का कहना है कि आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को हासिल करने में कार्यकर्ताओं की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है और स्थापना दिवस के जरिए इसी संकल्प को और मजबूत किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: रांची: अवैध गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़, “दिल्ली दरबार बिरयानी” से 9 सिलेंडर जब्त
