Bokaro: ग्रामीण आजीविका को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जीविका सृजन शक्ति प्रोड्यूसर कंपनी का शुभारंभ वेदांता ईएसएल आर्चरी अकादमी, 16 खाता में किया गया. यह पहल ईएसएल स्टील लिमिटेड द्वारा प्रोजेक्ट जीविका के तहत समर्थित है, जिसमें EMP बिंदी इंटरनेशनल एसोसिएशन सहयोग प्रदान कर रही है. यह प्रोड्यूसर कंपनी स्थानीय उत्पादकों को एक संगठित, सदस्य-आधारित संस्था के रूप में जोड़ने के लिए बनाई गई है. इसका उद्देश्य बाजार तक बेहतर पहुंच, मोलभाव की क्षमता में वृद्धि और ग्रामीण समुदायों के लिए स्थायी आय के अवसर पैदा करना है. यह मंच उत्पादकों को सामूहिक रूप से काम करने, मजबूत वैल्यू चेन बनाने और दीर्घकालिक आर्थिक विकास की दिशा में आगे बढ़ने में मदद करेगा.
मौके पर गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक तरीके से हुई, जिसमें ईएसएल नेतृत्व रवीश शर्मा, उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक, और कुणाल दारिपा, प्रमुख (सीएसआर) का स्वागत आदिवासी गीतों के माध्यम से किया गया. इसके बाद आरती समारोह और ग्रामीणों द्वारा हस्तनिर्मित घास के मुकुट भेंट किए गए. कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन रिबन काटकर किया गया. इस अवसर पर प्रोड्यूसर कंपनी के सदस्य, ईएसएल स्टील लिमिटेड के प्रतिनिधि, सीएसआर टीम, EMP बिंदी इंटरनेशनल एसोसिएशन, सामुदायिक नेता और अन्य हितधारक उपस्थित रहे.
