Bokaro: झारखण्ड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के केंद्रीय उपाध्यक्ष पिंटू कुमार महतो ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) रांची के डीजी (DG) को पत्र लिखकर धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं. पत्र के माध्यम से थाना प्रभारी की अवैध कमाई और अनुपातहीन संपत्ति की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है.

अवैध वसूली और तस्करी में संलिप्तता का आरोप
जेएलकेएम के केंद्रीय उपाध्यक्ष पिंटू कुमार महतो ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है, कि थाना प्रभारी रवि कुमार बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में अवैध गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे हैं. पत्र के अनुसार, वे क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की अन्य अवैध वसूली में शामिल हैं.
रांची समेत अन्य शहरों में करोड़ों की संपत्ति खरीदने का दावा
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि थाना प्रभारी द्वारा अवैध कमाई के जरिए रांची एवं अन्य प्रमुख शहरों में करोड़ों रुपये की कीमती जमीनें और अचल संपत्तियां खरीदी गई हैं. एसीबी डीजी से उन्होंने मांग की है, कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, ताकि थाना प्रभारी की संपूर्ण अवैध एवं अनुपातहीन संपत्ति का पर्दाफाश हो सके. पत्र की प्रतियां सूचना और आवश्यक कार्रवाई के लिए आईजी बोकारो, डीसी धनबाद और एसएसपी धनबाद को भी भेजी गई हैं.

