रांची: बजट सत्र के दूसरे दिन दूसरी पाली में वंदे मातरम गीत पर सदन में जोरदार बहस हुई. हेमलाल मुर्मू ने कहा कि राज्य सरकार मुस्तैदी के साथ काम कर रही है और राज्यपाल का अभिभाषण सार्थक है. वंदे मातरम गीत पर उन्होंने कहा कि इसका उल्लेख संविधान में नहीं है और इसका कानूनी पक्ष विवादित है. 1937 में मुस्लिम लीग ने वंदे मातरम गीत के अंतिम चार छंद हटा दिए थे.
अब BJP सरकार ने उन चार छंदों को फिर से जोड़ दिया है. इसे लेकर 2017 में सुप्रीम कोर्ट में अश्विनी उपाध्याय बनाम भारत संघ केस दायर हुआ था, जिसमें सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि राष्ट्रीय गीत गाने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता. अब भाजपा सरकार ने इसे अनिवार्य कर दिया है, वह भी राष्ट्रीय गान से पहले.
धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र में संप्रदायिकता की बू आ रही है. कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि इसके अंतिम चार छंद धर्मनिरपेक्षता की नींव को प्रभावित करते हैं. हेमलाल ने कहा कि हम राम-रहीम एकता वाले लोग हैं.
जी रामजी योजना को हटाकर ये लोग हनुमान जी कर देंगे
हेमलाल मुर्मू ने कहा कि भाजपा के लोग महात्मा गांधी को अंगीकार करने से भी परहेज करते हैं. अब मनरेगा का नाम बदलकर जी रामजी योजना कर दिया गया है. अगर भाजपा की सोच बदली तो ये जी रामजी को हटाकर हनुमान जी कर देंगे. इस योजना के तहत अब पूरा अधिकार केंद्र के पास चला गया है.
राज्य सरकार के अधिकार में कटौती कर दी गई है. महिलाओं को 60 फीसदी रोजगार में भी कटौती की गई है. जनता को दिग्भ्रमित किया जा रहा है. वोट के लिए सारा ताना-बाना बुना जा रहा है. प्रधानमंत्री आवास, कार्यालय और रेलवे स्टेशनों के नाम बदले जा रहे हैं. आपसी सौहार्द खत्म कर वोट की राजनीति की जा रही है. मनरेगा योजना को वापस करना होगा.
पेसा आदिवासियों के हित में
हेमलाल ने कहा कि पेसा आदिवासियों के हित में है. भाजपा सरना कोड की विरोधी है. सरकार ने विधानसभा से इसे पारित कर भेजा, पर केंद्र ने दरकिनार कर दिया. भाजपा ओबीसी विरोधी है. हेमंत सोरेन सरकार ने ओबीसी को 27 फीसदी आरक्षण देने का फैसला किया, जबकि भाजपा ने इसे घटाकर 14 फीसदी कर दिया. हेमलाल ने कहा कि भाजपा से जो चुनाव लड़ेगा वह कभी नहीं जीतेगा. हमारे जो साथी गए हैं, उन्हें भी वापस आना पड़ेगा.
बेरोजगारों को भाजपा झूठे वादे सुनाती है. हमारी सरकार नौकरी दे रही है और ये लोग अफवाह फैला रहे हैं. 21 जनवरी को केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने रांची में कहा कि हेमंत जी कांग्रेस का साथ छोड़ मोदी के साथ आएं तो छात्रवृत्ति मिलेगी. यही इनका चरित्र है. हम लोग डरने वाले नहीं हैं. भाजपा झारखंड को अस्त-व्यस्त करने की कोशिश कर रही है. भाजपा मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रही है और वोट छीनने की राजनीति कर रही है.
पता नहीं किससे लिखवाकर लाए हैं… सीपी सिंह
हेमलाल मुर्मू पर तंज कसते हुए सीपी सिंह ने कहा कि पता नहीं किससे लिखवाकर लाए हैं. खुद तो आप सात जन्म में भी नहीं लिख पाएंगे. इतना भटक गए हैं. समझ नहीं आता कि इनका दिमाग कैसे फिर गया था कि भाजपा में आ गए थे.
