चाईबासा: कांग्रेस ने चंदा पारदर्शिता और खान-खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ आंदोलन तेज करने का किया ऐलान

Chaibasa: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देश पर चंदा संग्रह में पारदर्शिता और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026...

Congress

Chaibasa: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देश पर चंदा संग्रह में पारदर्शिता और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 के विरोध में मंगलवार को चाईबासा स्थित कांग्रेस भवन में प्रेस वार्ता आयोजित की गई. जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय के संयोजन में हुई प्रेस वार्ता को प्रदेश महासचिव रविन्द्र झा और विजय यादव ने संबोधित किया. इस दौरान प्रदेश महासचिव रविन्द्र झा ने राम मंदिर के नाम पर एकत्र किए गए चंदे और उसके उपयोग में पारदर्शिता की मांग उठाई. उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े अभियानों में श्रद्धालुओं से प्राप्त आर्थिक सहयोग का स्पष्ट और सार्वजनिक हिसाब-किताब होना चाहिए.

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि चंदा संग्रह या उसके उपयोग में किसी तरह की वित्तीय अनियमितता सामने आती है, तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस भगवान श्रीराम और लोगों की धार्मिक आस्था का सम्मान करती है, लेकिन आस्था से जुड़े आर्थिक मामलों में जवाबदेही भी जरूरी है.

प्रदेश महासचिव ने खान एवं खनिज संशोधन विधेयक, 2026 पर जताई आपत्ति 

वहीं, प्रदेश महासचिव विजय यादव ने केंद्र सरकार के खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 पर आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है और यहां के प्राकृतिक संसाधनों का संबंध राज्य के विकास, रोजगार, पर्यावरण और स्थानीय लोगों के हितों से है. कांग्रेस का आरोप है कि प्रस्तावित संशोधन से राज्य के हित और अधिकार प्रभावित हो सकते हैं. पार्टी ने मांग की, कि खनिज संसाधनों से जुड़े फैसलों में राज्य के हितों और स्थानीय लोगों की भावनाओं को प्राथमिकता दी जाए.

27 अगस्त को सभी जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी इन मुद्दों को लेकर लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से आंदोलन करेगी. उन्होंने बताया कि 27 अगस्त को सभी जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा और उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा. इसके बाद 7 सितंबर को रांची स्थित लोक भवन के समक्ष प्रदेश स्तरीय महाधरना-प्रदर्शन आयोजित होगा. वहीं, 9 से 16 सितंबर के बीच राज्य के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन किए जाने की घोषणा की गई.

प्रेस वार्ता में कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस महासचिव सुनील प्रसाद, सचिव ए.आर. कैलाश और कार्यालय सचिव सुशील दास मौजूद रहे.

यह भी पढ़ें: बोकारो : मवेशी चुराकर गांव से ले जाते चारपहिया वाहन के साथ एक को ग्रामीणों ने पकड़ा, तीन फरार – News Wave Jharkhand

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *