चाईबासा: जिले में नक्सलियों द्वारा सुरक्षाबलों को निशाना बनाने की एक बड़ी साजिश को जवानों ने अपनी तत्परता से विफल कर दिया है. गुरुवार की सुबह छोटानागरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मनोहरपुर-चाईबासा मुख्य मार्ग पर टोंटोगाढ़ा गांव के समीप सुरक्षाबलों ने एक शक्तिशाली IED बरामद किया, जिसे बाद में सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया.

Also Read: अमन साहू का करीबी कुख्यात आकाश राय को राहत नहीं, HC में सुनवाई टली, 10 मार्च को अगली तारीख
गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों को गुप्त सूचना मिली थी कि नक्सलियों ने किरिबुरु और छोटानागरा थाना क्षेत्र के आसपास सुरक्षाबलों के गश्ती दल को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्य सड़क के किनारे बम लगाया है. इस सूचना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और सुरक्षाबल तुरंत हरकत में आए.
एहतियात के तौर पर और यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए, सुरक्षाबलों ने गुरुवार सुबह लगभग 9:30 बजे मनोहरपुर-चाईबासा मुख्य मार्ग के दोनों ओर से वाहनों का आवागमन पूरी तरह रोक दिया. सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब ढाई घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा.
Also Read: जामताड़ा: अवैध कोयला खनन के दौरान बड़ा हादसा, चाल धंसने से 8 से ज्यादा लोग दबे,रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
इलाके की घेराबंदी करने के बाद बम निरोधक दस्ते और सुरक्षाबलों ने गहन तलाशी अभियान शुरू किया. सर्च के दौरान टोंटोगाढ़ा गांव के पास सड़क के किनारे IED बरामद किया गया. सुरक्षाबलों ने बिना देरी किए बम को वहीं सुरक्षित स्थान पर डिफ्यूज कर नष्ट कर दिया.

