Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के सफल क्रियान्वयन और आम नागरिकों तक आवश्यक जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को अपर उपायुक्त सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ARO), मझगांव विधानसभा क्षेत्र की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता आयोजित की गई.

7 अक्टूबर को जारी होगी फाइनल लिस्ट
प्रेस वार्ता में बताया गया कि प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 5 अगस्त 2026 को हो चुका है. इसके बाद 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक दावा और आपत्ति प्राप्त किए जाएंगे. प्राप्त आवेदनों के सत्यापन और निष्पादन के बाद 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा. अपर उपायुक्त सह ARO ने बताया कि 8-9 अगस्त और 22-23 अगस्त को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे. इन शिविरों में मतदाता सूची से संबंधित दावा-आपत्ति के साथ प्रपत्र-6, 7 और 8 भी स्वीकार किए जाएंगे. वहीं, 25 अगस्त से 4 सितंबर तक घर-घर जाकर होम-टू-रोल वेरिफिकेशन अभियान चलाया जाएगा.

मतदाता सूची पुनरीक्षण की दी जाएगी जानकारी
उन्होंने जानकारी दी कि 15 अगस्त को सभी पंचायत भवनों में ग्राम सभाओं का आयोजन होगा, जहां BLO और चुनाव पाठशाला के सदस्य मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की जानकारी देंगे. प्रेस वार्ता में स्पष्ट किया गया कि जिन मतदाताओं का नाम पहले से मतदाता सूची में दर्ज है, उन्हें सामान्यतः अतिरिक्त दस्तावेज देने की आवश्यकता नहीं होगी. जबकि जिन पात्र नागरिकों का नाम सूची में नहीं है, उन्हें प्रपत्र-6 के साथ आवश्यक घोषणा-पत्र और निर्धारित दस्तावेज जमा करने होंगे.

वोटर लिस्ट अपडेट को लेकर अपील
अपर DC ने सभी पात्र नागरिकों से निर्धारित तिथियों पर अपने मतदान केंद्र या विशेष शिविर में पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जांचने और आवश्यक संशोधन कराने की अपील की. किसी भी जानकारी या सहायता के लिए मतदाता हेल्पलाइन 1950 और ECINET App का उपयोग करने की सलाह दी गई. प्रेस वार्ता में अनुमंडल पदाधिकारी चक्रधरपुर, सदर और जगन्नाथपुर, उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.
Also Read : झारखंड परिवहन विभागः जुलाई तक 728 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व संग्रह, रांची और खूंटी ने मारी बाजी

