Chakradharpur: श्री श्री जगन्नाथ पूजा कमिटी, कराईकेला (64 मौजा) की ओर से आयोजित देवस्थान पूर्णिमा कार्यक्रम को लेकर रविवार को जगन्नाथ मंदिर प्रांगण में तैयारी बैठक आयोजित की गई. बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक बदलावों को अंतिम रूप दिया गया तथा सभी तैयारियों की समीक्षा की गई. कमिटी के अनुसार सोमवार, 29 जून 2026 को आयोजित होने वाले देवस्थान पूर्णिमा कार्यक्रम में लगभग 200 से 250 घटधात्रियों के शामिल होने की संभावना है. कार्यक्रम के तहत सभी घटधात्री सुबह जगन्नाथ मंदिर प्रांगण में एकत्रित होंगे. इसके बाद सभी श्रद्धालु आहरबांध के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां से कलश में जल भरकर कीर्तन-भजन के साथ पुनः जगन्नाथ मंदिर पहुंचेंगे. इसके उपरांत पारंपरिक विधि-विधान के अनुसार सरोवर स्नान एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए जाएंगे.
9 बजे निकलेगी कलश यात्रा
कार्यक्रम के अनुसार पूर्णिमा पूजा सुबह 7:00 बजे प्रारंभ होगी, जबकि कलश यात्रा के लिए सुबह 9:00 बजे प्रस्थान किया जाएगा. समिति ने सभी घटधात्रियों एवं श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है, कि वे सुबह 8:00 से 8:30 बजे तक मंदिर प्रांगण में पहुंचकर कार्यक्रम को समय पर प्रारंभ कराने में सहयोग करें. समिति ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया है, कि यदि संभव हो तो सफेद या पीले रंग की साड़ी, कुर्ती, सूट, कुर्ता-पायजामा अथवा अन्य पारंपरिक परिधान पहनकर आएं. साथ ही कलश यात्रा में भाग लेने वाले श्रद्धालु पुष्पांजलि के लिए फूल तथा ब्राह्मण को अर्पित करने हेतु दक्षिणा अवश्य साथ लाएं.

कलश यात्रा को भव्य एवं सफल बनाने की अपील
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जो भी श्रद्धालु सोमवार को सुबह 8 बजे तक जगन्नाथ मंदिर प्रांगण पहुंचेंगे, वे सभी कलश यात्रा में शामिल हो सकेंगे. श्री श्री जगन्नाथ पूजा कमिटी, कराईकेला ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर देवस्थान पूर्णिमा एवं कलश यात्रा को भव्य एवं सफल बनाने की अपील की है.
यह भी पढ़ें: रांची में पल्स पोलियो अभियान की शानदार शुरुआत, पहले दिन 89.22% बच्चों को पिलाई गई पोलियो की खुराक


