Simdega: सद्भावना और भाईचारगी पूर्ण माहौल में रविवार को मुहर्रम का विशाल जुलूस निकाला गया. विभिन्न अखाड़ों के नेतृत्व में नगर के सभी अखाड़ा कमिटी अपने-अपने निशान के साथ चल रहे थे. डंके और ताशे की धून पर पारंपारिक अस्त्र-शस्त्र का चालन करते हुए जुलूस में शरीक हुए और ईमाम हुसैन की शहादत को याद करते हुए युवाओं ने करतब दिखाया. जुलूस में देश भक्ति से संबंधित गाने भी बज रहे थे. वहीं जुलुस में शामिल कुछ युवा तिरंगा झंडा भी लहराते हुए एकता का संदेश दे रहे थे. जुलूस के बाद विभिन्न अखाड़ों के खिलाड़ियों ने लाठी, भाले, तलवार सहित कई हैरत अंगेज खेल का प्रदर्शन किया.
मुहर्रम का पर्व त्याग, बलिदान और इंसानियत की मिसाल- विधायक
मुहर्रम जुलूस में सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा भी शामिल हुए. मौके पर विधायक ने कहा, कि मुहर्रम का पर्व त्याग, बलिदान और इंसानियत की मिसाल है. मुहर्रम हमें सच्चाई और इंसाफ पर अडिग रहने की ताकत भी देता है. कर्बला के मैदान में इमाम हुसैन की शहादत ने पूरी दुनिया को यह पैगाम दिया, कि जुल्म के सामने झुकना नहीं है और हक की राह पर किसी भी कुर्बानी से पीछे नहीं हटना है. उनकी ये कुर्बानी न केवल इस्लाम की, बल्कि इंसानियत की विरासत है. उन्होंने कहा कि सिमडेगा जिला धार्मिक और सामाजिक सौहार्द की शानदार मिसाल है. यहां हिन्दू, मुस्लिम, ईसाई सभी लोग एक परिवार की तरह रहते हैं और यही हमारी सबसे बड़ी ताकत है. मुहर्रम अमन, भाईचारे और अनुशासन का प्रतीक है. यह हमें याद दिलाता है, कि इंसाफ के लिए खड़े होना ही असली इबादत है.

मौके पर ये रहे मौजूद
मौके पर नगर उपाध्यक्ष रिंकू अग्रवाल, कार्यकारी जिला अध्यक्ष अख्तर खान, जिला विधायक प्रतिनिधि एजाज अहमद, नगर अध्यक्ष अरशद हुसैन (अक्षण), सदर विधायक प्रतिनिधि सलमान खान, नगर विधायक प्रतिनिधि शकील अहमद, विधायक प्रतिनिधि शीतल एक्का, विधायक प्रतिनिधि सज्जाद अंसारी, डॉ. इम्तियाज हुसैन, जिला सचिव विनय तिग्गा आदि भारी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग शामिल थे.


