Click Here
Click Here
Click Here

देवघर में जमीन विवाद की भेंट चढ़ी बच्चों की पढ़ाई, कोर्ट के आदेश पर स्कूल सील; छात्रों का प्रदर्शन, BEEO को घेरा

Deoghar: झारखंड के देवघर जिले के सोनारायठाढ़ी प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, चांदना में जमीन विवाद का सीधा असर अब बच्चों की...

Deoghar: झारखंड के देवघर जिले के सोनारायठाढ़ी प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, चांदना में जमीन विवाद का सीधा असर अब बच्चों की पढ़ाई पर पड़ने लगा है. न्यायालय के आदेश पर रविवार को विद्यालय परिसर को सील कर दिया गया. सोमवार सुबह जब छात्र-छात्राएं रोज की तरह स्कूल पहुंचे तो मुख्य गेट पर ताला लटका देखकर हैरान रह गए. स्कूल बंद मिलने से नाराज छात्रों ने विद्यालय के बाहर सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द स्कूल खोलने की मांग की.

बीईईओ को छात्रों और अभिभावकों ने घेरा

विद्यालय बंद होने की सूचना मिलते ही प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीईईओ) अमिताभ झा मौके पर पहुंचे. उनके पहुंचते ही आक्रोशित छात्रों और अभिभावकों ने उन्हें घेर लिया. प्रदर्शनकारियों ने बच्चों की पढ़ाई बाधित होने पर नाराजगी जताई और तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की. इस दौरान कुछ समय तक बीईईओ को वहां से जाने नहीं दिया गया. प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि जमीन विवाद की वजह से मासूम बच्चों की शिक्षा प्रभावित होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और प्रशासन को इसका जल्द समाधान निकालना चाहिए.

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति

बीईईओ के घिरने की सूचना मिलते ही सोनारायठाढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. थाना प्रभारी रोहित दांगी पुलिस बल के साथ विद्यालय पहुंचे और काफी समझाने-बुझाने के बाद बीईईओ को सुरक्षित बाहर निकाला. इस दौरान सोनारायठाढ़ी की बीडीओ नीलम कुमारी भी मौके पर मौजूद रहीं. प्रशासनिक अधिकारियों ने छात्रों और अभिभावकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का भरोसा दिया. पुलिस और प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई. हालांकि प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए विद्यालय के सामने सड़क पर जाम की स्थिति भी बन गई.

250 विद्यार्थियों की पढ़ाई हुई प्रभावित

बीईईओ अमिताभ झा ने बताया कि न्यायालय के आदेश के तहत विद्यालय को सील किया गया है, जिससे करीब 250 विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई प्रभावित हुई है. उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जानकारी विभाग के वरीय अधिकारियों को दे दी गई है. शिक्षा विभाग का प्रयास है कि बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो और जल्द से जल्द वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.

Read Also: कोडरमा रेलवे स्टेशन के पास रेलकर्मी का शव बरामद, रनिंग रूम इंचार्ज बी. चंपईया के रूप में हुई पहचान

मंगलवार से दूसरे विद्यालय में होगी कक्षाएं

शिक्षा विभाग ने प्रभावित छात्रों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था शुरू कर दी है. बीईईओ ने बताया कि चांदना विद्यालय के विद्यार्थियों को निकटवर्ती विद्यालय से टैग करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. वहीं, जिला शिक्षा अधीक्षक मधुकर कुमार ने कहा कि मंगलवार तक सभी विद्यार्थियों को नजदीकी विद्यालय से जोड़ दिया जाएगा, ताकि उनकी नियमित पढ़ाई जारी रह सके और शैक्षणिक सत्र पर कोई असर न पड़े.

हाईकोर्ट में अपील की तैयारी

जिला शिक्षा अधीक्षक मधुकर कुमार ने बताया कि न्यायालय के आदेश को लेकर कानूनी विशेषज्ञों से राय ली जा रही है. आवश्यकता पड़ने पर इस आदेश के खिलाफ हाईकोर्ट की संबंधित पीठ में अपील दायर की जाएगी. विभाग का उद्देश्य विद्यालय को दोबारा संचालित कराना और छात्रों को उनके पुराने विद्यालय में पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध कराना है.

बच्चों की शिक्षा बचाने पर विभाग का फोकस

फिलहाल शिक्षा विभाग वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए विद्यार्थियों की पढ़ाई जारी रखने की तैयारी में जुटा है. वहीं, जिला प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ जमीन विवाद के समाधान की दिशा में भी आवश्यक कदम उठा रहा है. इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि कानूनी विवादों का सबसे अधिक असर उन बच्चों पर पड़ता है, जिनका उनसे कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं होता.

add1
सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *