Koderma: धनबाद-गया रेलखंड पर स्थित कोडरमा रेलवे स्टेशन के ईस्ट केबिन के समीप सोमवार दोपहर एक रेलकर्मी का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ. मृतक की पहचान कोडरमा लोको रनिंग रूम के इंचार्ज बी. चंपईया के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, जीआरपी को सूचना मिली कि ईस्ट केबिन के पास रेलवे ट्रैक के किनारे एक शव पड़ा है. सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने देखा कि शव बुरी तरह क्षत-विक्षत था और उसके अंग अलग-अलग स्थानों पर पड़े थे. इसके बाद शव को कब्जे में लेकर जीआरपी थाना लाया गया.
आई कार्ड से हुई पहचान
इधर, सोमवार सुबह लोको रनिंग रूम के कर्मचारी जब ड्यूटी के लिए बी. चंपईया को तलाश रहे थे तो उनका कोई पता नहीं चला. इसी दौरान जीआरपी द्वारा शव मिलने की सूचना मिली. थाना पहुंचने पर सहकर्मियों ने शव की पहचान की. मृतक की जींस की जेब से मिले पहचान पत्र के आधार पर भी उनकी पहचान की पुष्टि हुई.

ट्रेन की चपेट में आने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि बी. चंपईया सुबह ब्रश करने के दौरान रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे. इसी दौरान किसी ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई. हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा. बताया गया कि बी. चंपईया ने करीब एक वर्ष पूर्व कोडरमा लोको रनिंग रूम के इंचार्ज के रूप में पदभार संभाला था. घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है. जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. घटना के बाद ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन तथा कोडरमा के रेलकर्मियों में शोक का माहौल है. जीआरपी मामले की जांच कर रही है.
ALSO READ : हजारीबाग लैंड स्कैम: CBI जांच की मांग वाली जनहित याचिका हाईकोर्ट से खारिज


