चतरा: कोयला लदा हाईवा पलटा, चालक की मौत, आधा दर्जन वाहन टकराए

चतरा: झारखंड के चतरा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में कोयला लदे हाईवा के पलटने से चालक की मौके पर ही मौत...

चतरा: झारखंड के चतरा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में कोयला लदे हाईवा के पलटने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई. हादसा चतरा-गया मुख्य मार्ग एनएच-22 पर स्थित संघरी घाटी में हुआ. घाटी के मोड़ के पास हाईवा अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसके बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई.

बालूमाथ का रहने वाला था चालक

दुर्घटना में मृतक चालक की पहचान लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के सेरम पंडरिया गांव निवासी भोला राणा के पुत्र आदित्य राणा के रूप में हुई है. आदित्य राणा कोयला लदा हाईवा लेकर चतरा-गया मुख्य पथ से गुजर रहे थे. तभी संघरी घाटी के पास वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा और पलट गया.

पीछे से आ रही गाड़ियां आपस में टकराईं

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घाटी में मोड़ के पास हाईवा पलटते ही पीछे से आ रहे करीब आधा दर्जन छोटे-बड़े वाहन समय पर ब्रेक नहीं लगा सके और आपस में टकरा गए. घटना के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और हड़कंप की स्थिति बन गई.

Also Read: LPG सप्लाई को लेकर केंद्र का बड़ा बयान, कहा- संकट जैसी कोई स्थिति नहीं

NH-22 पर चार घंटे तक जाम

दुर्घटना के बाद चतरा-गया मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. करीब चार घंटे तक एनएच-22 पर यातायात बाधित रहा.

पुलिस ने हटवाए दुर्घटनाग्रस्त वाहन

घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई. पुलिस ने पहले मृत चालक की स्थिति की जानकारी ली और फिर सड़क से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने की कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेज दिया है.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल 

घटना की सूचना मिलते ही मृतक चालक के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे. अपने परिजन का शव देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. अस्पताल परिसर में शोक और मातम का माहौल बन गया.

संघरी घाटी में बढ़ रहे हादसे

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है. वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि संघरी घाटी क्षेत्र में अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं. ऐसे में यहां सड़क सुरक्षा के बेहतर इंतजाम और सड़क की स्थिति को दुरुस्त करने की जरूरत है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *