Chaibasa: चाईबासा स्थित बाईपास चौक पर प्रतिमा स्थापना के मुद्दे को लेकर शनिवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा और आदिवासी हो समाज महासभा के सदस्य आमने-सामने आ गए. झामुमो कार्यकर्ताओं द्वारा बाईपास चौक पर दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा स्थापित करने के उद्देश्य से कार्य कराया जा रहा था. इसी दौरान आदिवासी हो समाज महासभा के सदस्य जुलूस के रूप में मौके पर पहुंचे और उसी स्थान पर शहीद पोटो हो की प्रतिमा स्थापित करने की मांग करते हुए विरोध दर्ज कराया. इस दौरान दोनों पक्षों के लोगों ने प्रतिमा स्थल पर अपने-अपने संगठनों के झंडे, बैनर और महापुरुषों के चित्र लगाए और नारेबाजी की, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया. असहमति बढ़ने के बाद आदिवासी हो समाज महासभा के सदस्य अपनी मांग को लेकर वहीं धरने पर बैठ गए. घटना की सूचना मिलते ही सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ), सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ), मुफस्सिल थाना प्रभारी और बाद में अपर उपायुक्त समेत वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से कई दौर की बातचीत की और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया.

यह भी पढ़ें: फिसड्डी साबित हो रहे झारखंड के निकाय : 2519 करोड़ की कुल मांग, पर वसूली महज 836 करोड़
मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी
वार्ता के बावजूद जब सहमति नहीं बन सकी, तो कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने धरने पर बैठे सदस्यों को वहां से हटाया और स्थल को खाली कराया. धरना समाप्त होने के बाद झामुमो की ओर से प्रतिमा स्थापना से संबंधित कार्य आगे बढ़ाया गया. पूरे घटनाक्रम के दौरान एहतियात के तौर पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती रखी गई, जिससे स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही. फिलहाल मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच मतभेद बने हुए हैं.
