Seraikela: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR)-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने नागरिकों से समय पर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने जिले के सभी पात्र नागरिकों, खासकर युवाओं से अपील करते हुए कहा है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर मतदाता सूची में अपना पंजीकरण जरूर कराएं.
5 अगस्त को होगा प्रारूप प्रकाशन
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देश के अनुसार 5 अगस्त 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन किया जाएगा. इसके बाद ऐसे नए मतदाता, जिनकी उम्र 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष पूरी हो रही है, वे अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करा सकते हैं. इसके अलावा ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे भी घोषणा-पत्र के साथ प्रपत्र-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं.
4 सितंबर तक कर सकेंगे आवेदन
प्रशासन के अनुसार पात्र नागरिक 5 अगस्त 2026 से 4 सितंबर 2026 तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए संबंधित बीएलओ के माध्यम से या ऑनलाइन प्रक्रिया के जरिए प्रपत्र-6 जमा किया जा सकता है.
युवाओं से की गई विशेष अपील
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी जरूरी है. उन्होंने युवाओं, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे मतदाता जागरूकता अभियान में सहयोग करें और पात्र लोगों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें.

परिवार और आसपास के लोगों को भी करें जागरूक
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने नागरिकों से कहा कि वे खुद भी अपना नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करें और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के पात्र नागरिकों को भी पंजीकरण के लिए प्रेरित करें. उन्होंने कहा कि समय पर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.
ALSO READ:पलामू : भाजयुमो का प्रदर्शन, JPSC, JSSC-CGL परीक्षा की CBI जांच और CM के इस्तीफे की मांग
