Ranchi: शहर में पैदल चलने वालों का रास्ता रोकने वाले होर्डिंग, मोनोपोल और यूनिपोल पर अब रांची नगर निगम सख्त कार्रवाई करेगा. सुप्रीम कोर्ट और झारखंड हाईकोर्ट के आदेश के बाद निगम ने शहर में अवैध होर्डिंग के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है.निगम की टीम ने राम मंदिर, कांके रोड से हिनू चौक तक हरमू बाईपास पर लगे होर्डिंग की जांच की. जांच में करीब 95 प्रतिशत होर्डिंग 12 फीट से कम ऊंचाई पर या फुटपाथ के हिस्से में लगे पाए गए. ऐसे होर्डिंग से पैदल यात्रियों के आने-जाने में परेशानी हो रही है.

एजेंसियों को दो टूक—खुद हटाओ, वरना निगम हटाएगा
नगर निगम ने सभी संबंधित विज्ञापन एजेंसियों और होर्डिंग संचालकों को साफ निर्देश दिया है कि अवैध होर्डिंग खुद हटाएं. तय समय में होर्डिंग नहीं हटाने पर निगम इन्हें खुद हटाएगा और संबंधित एजेंसियों पर कार्रवाई करेगा.नियमों और न्यायालय के आदेशों का पालन नहीं करने वाली एजेंसियों के खिलाफ ब्लैकलिस्ट करने तक की कार्रवाई की जा सकती है.
फुटपाथ पर कब्जा अब नहीं चलेगा
निगम ने स्पष्ट कर दिया है कि फुटपाथ पैदल यात्रियों के लिए है, विज्ञापन लगाने के लिए नहीं. शहर में जहां भी होर्डिंग, मोनोपोल या यूनिपोल पैदल रास्ते में बाधा बन रहे हैं, उन्हें हटाया जाएगा. राम मंदिर से हिनू चौक के बाद अब शहर के दूसरे प्रमुख मार्गों पर भी जांच अभियान जारी रहेगा. निगम ने साफ संदेश दिया है कि पैदल यात्रियों का रास्ता रोकने वाले किसी भी अवैध निर्माण या होर्डिंग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
ALSO READ: ईद-ए-मिलादुन्नबी पर गिरिडीह में सुरक्षा का कड़ा पहरा, पुलिस ने किया मॉक ड्रिल

