Chaibasa: भारतीय जनता पार्टी मंडल हाटगम्हरिया की बैठक मंगलवार को हाटगम्हरिया बाजार में मंडल अध्यक्ष बृजमोहन चातोम्बा की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक में झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई, पूर्व विधायक जवाहरलाल बानरा, प्रताप कटियार महतो और मंडल प्रभारी चंद्रमोहन तियू समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे.

पंचायत और बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर
मंडल अध्यक्ष बृजमोहन चातोम्बा ने कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी दी. बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा और संगठन को मजबूत करने को लेकर चर्चा की गई. पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने कार्यकर्ताओं से पंचायत और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने तथा नए कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया. उन्होंने पुराने कार्यकर्ताओं से लगातार संवाद बनाए रखने और उनके अनुभवों का लाभ लेने पर जोर दिया.
गांव-गांव पहुंचाने की अपील
गागराई ने कार्यकर्ताओं से पंचायत और गांवों में बैठक आयोजित कर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने की अपील की. साथ ही उन्होंने राज्य सरकार की कथित विफलताओं को भी जनता के सामने रखने की बात कही. उन्होंने भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए हाटगम्हरिया में बड़े आंदोलन की आवश्यकता जताई. छात्र आंदोलनों और परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर भी उन्होंने सरकार पर दोहरी नीति अपनाने का आरोप लगाया.
किसानों और युवाओं की योजनाओं का किया उल्लेख
पूर्व विधायक जवाहरलाल बानरा ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की स्पष्ट नीति और दूरदृष्टि के अभाव में जनता को इन योजनाओं का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है. उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना और अबुआ आवास योजना का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से जनहित के मुद्दों को लेकर सक्रिय रहने की अपील की.
SIR अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश
बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के चल रहे कार्य पर भी चर्चा हुई. पूर्व विधायक बानरा ने भाजपा कार्यकर्ताओं से इस अभियान में सक्रिय रूप से योगदान देने की अपील की.
संगठनात्मक कार्यक्रमों पर भी हुई चर्चा
प्रताप कटियार महतो और मंडल प्रभारी चंद्रमोहन तियू ने भी बैठक को संबोधित किया. इस दौरान संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय बनाने और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने पर जोर दिया गया. बैठक में दुर्गावती बोयपाई, अभिजीत गागराई, सुमन गागराई, खुशबू हेंब्रम, देवेंद्र दास, देवेंद्र कुमार, शत्रुघ्न हेंब्रम, रानी बीरूवा, धन सिंह पाठ पिनगुवा, रविंद्र दास, कृष्ण गागराई, सुनीता सिन्कु, रवि जी, सिकंदर जारिका, संग्राम जारिका, मंगल सिंह हेंब्रम समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
ALSO READ: लोहरदगा में खेलों का महासंग्राम, 27 से 30 अगस्त तक मैदान में उतरेंगे खिलाड़ी; साइकिल रैली से बढ़ेगा जोश

