चाईबासा: चाईबासा पुलिस ने चाईबासा मंडल कारा के मुख्य द्वार पर हुई फायरिंग की घटना का पर्दाफाश कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने सुजीत सिन्हा गैंग के एक कुख्यात शूटर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. गिरफ्तार अपराधी की पहचान पलामू निवासी समीर अंसारी के रूप में हुई है. रविवार को चाईबासा पुलिस ने बताया कि छह अक्टूबर 2024 की है, जब चाईबासा सदर थाना क्षेत्र स्थित मंडल कारा के मुख्य गेट के पास अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी थी. जेल जैसे उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्र में हुई इस घटना से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया था. पुलिस ने इसे चुनौती के रूप में लिया और जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया.
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी:
जांच के दौरान पुलिस को तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचनाओं के आधार पर अहम सुराग मिले. छापेमारी के दौरान समीर अंसारी को दबोचा गया. पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह सुजीत सिन्हा गैंग के लिए काम करता है और जेल गेट पर हुई फायरिंग में वह मुख्य शूटर की भूमिका में था. गिरफ्तार समीर अंसारी का संबंध पलामू और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय सुजीत सिन्हा गिरोह से है. समीर ने स्वीकार किया है कि इस घटना को अंजाम देने में उसके साथ तीन अन्य साथी भी शामिल थे.
