गिरिडीह: गिरिडीह में जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार इन दिनों ताबड़तोड़ वाहन जांच अभियान चला रहे हैं, जिससे वाहन चालकों में जबरदस्त हड़कंप देखा जा रहा है. शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर लगातार चेकिंग कर नियमों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है.
इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर डीटीओ संतोष कुमार वाहन चालकों से बातचीत के दौरान अभद्र भाषा का प्रयोग करते नजर आ रहे हैं. इस वीडियो के सामने आने के बाद शहर में माहौल गरमा गया है और लोगों के बीच इसे लेकर तीखी चर्चा हो रही है.
पूरे शहर में चर्चा का केंद्र बना वीडियो
हालांकि वायरल वीडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. न्यूज वेभ चैनल इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है, लेकिन यह मामला फिलहाल पूरे शहर में चर्चा का केंद्र बना हुआ है. एक ओर जहां प्रशासन की सख्ती को कुछ लोग जरूरी कदम मान रहे हैं, वहीं दूसरी ओर अधिकारियों के व्यवहार को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. अब देखना यह होगा कि इस मामले में प्रशासन की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है.
यह भी पढ़ें: पेयजल विभाग घोटाला- ED ने संतोष कुमार एवं अन्य के खिलाफ दायर की चार्जशीट
