Jamtara : बस पड़ाव और ट्रेकर स्टैंड बंदोबस्ती प्रक्रिया में अनियमितता मामले में डीसी ने जांच का आदेश जारी किया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिंह पंचायत के सरकारबांध, गोड़र बाउरी और मोहुलडंगाल के ग्रामीणों ने लिखित शिकायत की थी. जिसमें आरोप लगाया गया है कि बस पड़ाव एवं ट्रेकर स्टैंड की बंदोबस्ती प्रक्रिया नियमों एवं शर्तों के विरुद्ध की गई है. शिकायत में कहा गया है कि बंदोबस्ती तारीख के पांच दिन बाद नीलामी धारक से 70 प्रतिशत राशि जमा कराई गई. जिसे बाद में बैकडेटिंग कर एनआर रसीद काटी गयी. जो नियमों का उल्लंघन है.

डीसी ने नगर पंचायत को दिया जांच का आदेश
मामले को संज्ञान में लेते हुए उपायुक्त ने नगर पंचायत जामताड़ा के कार्यपालक पदाधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. साथ ही जांच प्रतिवेदन शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा गया है. प्रशासन की इस कार्रवाई से बंदोबस्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित होने की उम्मीद जताई जा रही है.
