बेंगाबाद प्रखंड व अंचल कार्यालय का उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण

Giridih:जिला उपायुक्त रामनिवास यादव ने शुक्रवार को बेंगाबाद प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं में संचालित कार्यों की...

Giridih:जिला उपायुक्त रामनिवास यादव ने शुक्रवार को बेंगाबाद प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं में संचालित कार्यों की गहन समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयों की कार्यप्रणाली, रजिस्टर एवं पंजियों के संधारण, उपस्थिति पंजी, लोक सेवाओं से संबंधित आवेदनों के निष्पादन तथा आमजनों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली.

पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध सेवा पर जोर, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

उपायुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मियों को कार्य संस्कृति में सुधार लाते हुए पारदर्शिता, जवाबदेही और तन्मयता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया. उन्होंने जाति, आय एवं आवास प्रमाण पत्र से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा. इस दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजनों को समयबद्ध एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं, कृषि विभाग तथा जनसेवकों के कार्यों की भी समीक्षा की. उन्होंने वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन, पीएम आवास योजना, पीएम सूर्यघर योजना एवं कुसुम योजना से संबंधित लंबित मामलों को तेजी से निष्पादित करने का निर्देश दिया. वहीं जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र के लंबित आवेदनों को जल्द निपटाने के लिए संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.उपायुक्त ने कार्यालय में समयपालन को लेकर भी सख्ती दिखाई. उपस्थिति पंजी का निरीक्षण करते हुए उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को समय पर कार्यालय पहुंचने तथा आने-जाने का समय अनिवार्य रूप से दर्ज करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि अनुशासन प्रशासनिक व्यवस्था की मूल आवश्यकता है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी.

अंचल कार्यालय में कार्यरत सीआई, राजस्व कर्मचारी, कंप्यूटर ऑपरेटर, लिपिक एवं अन्य कर्मियों के कार्यों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने जनता के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने तथा राजस्व मामलों के निष्पादन में तेजी लाने पर जोर दिया. इसके अलावा अंचल में नियुक्त चौकीदारों को निर्धारित यूनिफॉर्म में ड्यूटी करने का सख्त निर्देश भी दिया गया. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देशानुसार प्रत्येक सप्ताह एक दिन अंचल, प्रखंड, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया जाएगा, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का आकलन कर आमजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से उपलब्ध कराया जा सके. उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा कार्यालयों को अधिक जनोन्मुखी और पारदर्शी बनाने की दिशा में गंभीरता से कार्य करने का निर्देश दिया.

AlsoRead:पुष्पा हत्याकांड में गुरुवार को खुलेगी गुत्थी: बरामद कंकाल और माता-पिता के DNA जांच का सैंपल पहुंचा CSFL, 14 को HC में पेश होगी रिपोर्ट

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *