Dhanbad: जिले के व्यस्ततम इलाके बैंक मोड़ स्थित शांति भवन बिल्डिंग में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक बिजली मीटर में भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बिल्डिंग धुएं के काले गुबार से भर गई. गनीमत यह रही कि दमकल की त्वरित कार्रवाई और स्थानीय लोगों की सतर्कता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.
कैसे हुई घटना?
जानकारी के अनुसार, शांति भवन बिल्डिंग परिसर में लगे बिजली मीटर में अचानक शार्ट सर्किट की वजह से चिंगारी उठी और कुछ ही पलों में आग तेजी से फैलने लगी. आग की लपटें उठते ही और आसमान में काला धुआं फैलते ही इमारत में मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया. लोग अपनी जान बचाने के लिए आनन-फानन में सीढ़ियों के रास्ते नीचे की ओर भागे.

पड़ोसियों ने दिखाई तत्परता, दमकल ने पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया।
आग बुझाने में शांति भवन के बगल में स्थित ‘मधुलिका इंक्लेव’ के निवासियों और कर्मचारियों ने भी अहम भूमिका निभाई. उन्होंने अपने परिसर में मौजूद अग्निशमन उपकरणों की मदद से दमकल टीम के पहुंचने से पहले और उनके साथ मिलकर आग को फैलने से रोकने का भरसक प्रयास किया.

बड़ी तबाही से बचा बैंक मोड़
शांति भवन के निवासियों ने राहत की सांस लेते हुए बताया कि जिस स्थान पर बिजली मीटर लगे हैं, ठीक उसी के बगल में जेनरेटर रूम भी स्थित है. अगर आग जेनरेटर रूम तक पहुंच जाती, तो एक भीषण विस्फोट या बड़ा हादसा हो सकता था. दमकल विभाग और पड़ोसियों की त्वरित सूझबूझ से समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया.

