धनबाद: जिले के झरिया कोयलांचल में बुधवार को एक बार फिर भू-धंसान हुआ है. झरिया के चौथाई कुली स्थित धनबाद-सिंदरी मुख्य मार्ग के समीप बसे धर्मनगर में अचानक जमीन फटने और घरों में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ने से इलाके में हड़कंप मच गया है.
स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि लोग अपने जीवन भर की जमा पूंजी से बनाए घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन करने पर मजबूर हैं. जानकारी के अनुसार, धर्मनगर और उसके आसपास के करीब एक दर्जन से अधिक घरों की दीवारों और फर्श पर अचानक चौड़ी दरारें उभर आई हैं. स्थानीय निवासियों का कहना है कि दरारों का दायरा समय के साथ बढ़ता ही जा रहा है, जिससे कई मकानों के किसी भी क्षण ढहने की आशंका बनी हुई है. जमीन फटने की आवाज और दीवारों के चटकने से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है.
50 वर्षों का आशियाना छोड़ने का दर्द
प्रभावित ग्रामीणों ने बताया कि वे इस क्षेत्र में पिछले 50 वर्षों से अधिक समय से रह रहे हैं. यह पूरा इलाका पूर्व में कोयला खदान क्षेत्र रहा है. नीचे चल रही आग या पुरानी खाली खदानों के कारण अक्सर इस तरह के खतरे बने रहते हैं. भयभीत होकर कई परिवारों ने अपने घरों से कीमती सामान समेट लिया है और रिश्तेदारों या अन्य सुरक्षित जगहों पर शरण ले रहे हैं.
ALSO READ: 10 अप्रैल से टोल प्लाजा पर कैश खत्म, FASTag और डिजिटल पेमेंट होंगे अनिवार्य
