Lohardaga: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू (Dhiraj Prasad Sahu) ने बुधवार को शहर स्थित विक्टोरिया बड़ा तालाब पहुंचकर बोटिंग का आनंद लिया. इस दौरान उन्होंने तालाब की प्राकृतिक सुंदरता का अवलोकन किया और इसके संरक्षण व पर्यटन विकास की आवश्यकता पर जोर दिया. उनके आगमन पर स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया.
बोटिंग के बाद पत्रकारों से बातचीत में धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि विक्टोरिया बड़ा तालाब लोहरदगा की ऐतिहासिक और प्राकृतिक धरोहर है. इसका समुचित विकास किया जाए तो यह जिले का प्रमुख पर्यटन केंद्र बन सकता है. उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों के विकास से जिले की पहचान मजबूत होगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे.

पर्यटन सुविधाएं बढ़ाने पर दिया जोर
धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, स्वच्छता, सुरक्षा और बेहतर रखरखाव जरूरी है. उन्होंने तालाब के आसपास सौंदर्यीकरण, मनोरंजन की सुविधाएं और पर्यटकों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित करने पर जोर दिया. साथ ही लोगों से सार्वजनिक संपत्तियों और प्राकृतिक धरोहरों की स्वच्छता एवं सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की.
जिले को पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की बात
पूर्व राज्यसभा सांसद ने कहा कि लोहरदगा प्राकृतिक संसाधनों और ऐतिहासिक स्थलों से समृद्ध जिला है. इन स्थलों का योजनाबद्ध विकास कर जिले को पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान दिलाई जा सकती है. उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को मिलकर इस दिशा में गंभीर प्रयास करने चाहिए.
इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि निशिथ जायसवाल, हाजी जब्बारुल अंसारी, नगर परिषद के उपाध्यक्ष अब्दुल कादिर, इंतियाज अंसारी समेत कई गणमान्य लोग और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे. सभी ने विक्टोरिया बड़ा तालाब के विकास और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया.
ALSO READ: झारखंड में मानसून सक्रिय : भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी , तापमान में आएगी गिरावट


