Chaibasa: चाईबासा-चक्रधरपुर एन एच 75 ई मुफस्सिल थाना अंतर्गत स्थित बाईहातू गांव के पास शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. चक्रधरपुर से चलियामा पेट्रोल पंप की ओर जा रहा एक भारी-भरकम डीजल टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया. दुर्घटना के तुरंत बाद टैंकर से भारी मात्रा में ईंधन का रिसाव शुरू हो गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. चालक बाल-बाल बच गए. पुलिस की मौजूदगी में लोग इंधन बटोरते रहे. हादसे के दौरान टैंकर चालक स्टीयरिंग में फंस गया था. काफी मशक्कत कर चालक खुद को सुरक्षित बाहर निकाला. उसे मामूली चोटें आई हैं. दुर्घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से लोग बाल्टी, केन और बोतलें लेकर मौके पर पहुंच गए और रिसाव हो रहे ईंधन को इकट्ठा करने की होड़ लग गई. आश्चर्य की बात यह रही कि स्थानीय पुलिस बल के पहुंचने के बावजूद लोग ईंधन ले जाने में जुटे रहे.

यह भी पढ़ें: कोडरमा: दूधपनिया में मामूली विवाद ने लिया खूनी संघर्ष का रूप, दोनों पक्षों से 5 लोग घायल
क्षतिग्रस्त वाहन को मुख्य मार्ग से हटाया गया
पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए हाइड्रा मशीन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को मुख्य मार्ग से हटाया. पेट्रोल पंप एसोसिएशन के समन्वयक पुनीत सेठिया ने घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य में मदद की. दुर्घटना किन वजहों से हुई, इसका स्पष्ट पता नहीं चल सका है. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.

