Bermo: बेरमो अनुमंडल के डीवीसी चंद्रपुरा थर्मल पावर स्टेशन (सीटीपीएस) के सीएचपी सेक्शन अंतर्गत बैगन टीपलर साइड में कार्यरत 66 सफाई मजदूरों का आंदोलन उग्र होता जा रहा है. नियमित ड्यूटी की एक सूत्री मांग को लेकर भारतीय क्रांतिकारी मजदूर संघ के बैनर तले जारी आमरण भूख हड़ताल शुक्रवार को तीसरे दिन भी जारी रहा. आंदोलन को समाप्त कराने की दिशा में शुक्रवार देर शाम स्थानीय प्रबंधन और मजदूर प्रतिनिधियों के बीच डीवीसी के निदेशक भवन में हुई वार्ता पूरी तरह बेनतीजा रही.
मजदूरों ने प्रबंधन के रुख पर जताई नाराजगी
रात लगभग साढ़े आठ बजे तक चली इस बैठक में परियोजना प्रधान आरके अनुभवी ने स्पष्ट किया, कि यह मामला मुख्यालय स्तर का है, इसलिए स्थानीय स्तर पर इस पर कोई ठोस निर्णय लेना संभव नहीं है. उन्होंने कहा कि मजदूरों की मांगों से मुख्यालय को अवगत करा दिया गया है. वहीं, मजदूरों ने प्रबंधन के रुख पर नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्हें महीने में केवल 13 दिन का काम दिया जा रहा है, जो कि पूरी तरह अनुचित है.
जब तक मांगें नहीं होंगी पूरी, तब तक हड़ताल रहेगी जारी- मजदूर नेता
बैठक में मौजूद बीडीओ ईश्वर दयाल महतो ने प्रबंधन को सलाह दी, कि वे मजदूरों की वार्ता मुख्यालय प्रबंधन से कराएं ताकि गतिरोध समाप्त हो सके. उन्होंने प्रशासन को भूख हड़ताल पर बैठे मजदूरों की हर दो घंटे में स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. वार्ता विफल होने के बाद मजदूर नेताओं ने दो टूक कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, आंदोलन और भूख हड़ताल जारी रहेगी. इस महत्वपूर्ण बैठक में एचआर अधिकारी आरके चौधरी सहित यूनियन प्रतिनिधि कृष्णा महतो, सत्य प्रकाश महतो, संजय कुमार महतो, ब्रह्मदेव महतो, तुला सिंह, जितेन्द्र महतो, दिव्य चरण सिंह, रंजीत प्रसाद और विनोद ठाकुर मुख्य रूप से उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: रांची सदर अस्पताल में हंगामा : पानी संकट पर सरकार घिरी, मरीजों की भर्ती ठप
