सरायकेला: जिला मुख्यालय स्थित सामुदायिक भवन में शिक्षा के क्षेत्र में जन-भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक दिवसीय जिला स्तरीय मुखिया सम्मेलन का आयोजन किया गया. सम्मेलन में जिले के विभिन्न पंचायतों के मुखियाओं ने भाग लिया. इस दौरान सरकारी विद्यालयों की स्थिति में सुधार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा की गई. कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष तथा अन्य अतिथियों द्वारा सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया.

अपने संबोधन में जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि शिक्षा समाज के समग्र विकास की आधारशिला है. उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों की नियमित निगरानी करें और विद्यालय प्रबंधन में सक्रिय भूमिका निभाते हुए बच्चों की उपस्थिति एवं शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित करें.
नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की भूमिका सरकार और समाज के बीच सेतु के रूप में महत्वपूर्ण है. उन्होंने विद्यालय प्रबंधन समितियों को सुदृढ़ करने, अभिभावकों के साथ नियमित संवाद स्थापित करने और विद्यालयों की आधारभूत संरचनाओं को मजबूत बनाने पर बल दिया, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना की पुनरावृत्ति न हो सके.
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने जानकारी दी कि जिले में वर्तमान में लगभग 73 प्रतिशत बच्चों की ही विद्यालयों में नियमित उपस्थिति है, जबकि 27 प्रतिशत बच्चे विद्यालय से वंचित हैं, जो चिंता का विषय है. उन्होंने बताया कि निरक्षर अभिभावकों को साक्षर बनाने के लिए एनआईएलपी के अंतर्गत विशेष पहल की जा रही है. उन्होंने कहा कि शत-प्रतिशत नामांकन और उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए जनप्रतिनिधियों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है.
सम्मेलन के दौरान विभिन्न पंचायतों से आए मुखियाओं ने शिक्षकों की कमी, आधारभूत संरचना की स्थिति और मध्याह्न भोजन से संबंधित समस्याओं को साझा किया. प्रशासन द्वारा इन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया.
सम्मेलन के अंत में सभी पंचायत प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में शिक्षा के प्रति जागरूकता अभियान चलाने, विद्यालयों में नामांकन और उपस्थिति बढ़ाने तथा ड्रॉपआउट बच्चों को पुनः मुख्यधारा से जोड़ने का सामूहिक संकल्प लिया.
कार्यक्रम की शुरुआत में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, सरायकेला की छात्राओं ने अतिथियों का स्वागत पौधा भेंट कर और स्वागत गीत के माध्यम से किया.इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो, निदेशक डीआरडीए अजय तिर्की, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा, विभिन्न पंचायतों के मुखिया, सीआरपी, बीआरपी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे.

