Saurav Singh
Ranchi : रांची रेलवे स्टेशन से रोजाना की तरह छह जून की सुबह हटिया-टाटा पैसेंजर ट्रेन टाटानगर के लिए रवाना हुई थी. ट्रेन अपने निर्धारित समय पर टाटानगर रेलवे स्टेशन पहुंची, लेकिन सभी यात्रियों के उतरने के बाद ट्रेन की एक बोगी से एक युवती का शव बरामद हुआ. शुरुआत में पुलिस के लिए यह पूरी तरह से एक ‘ब्लाइंड मर्डर केस’ था. जिसकी गुत्थी सुलझाना बेहद चुनौतीपूर्ण था. इस घटना के बाद दो अलग-अलग थानों में मामले दर्ज किए गए. पहला, टाटानगर रेल थाना में अज्ञात शव मिलने की एफआईआर FIR और दूसरा, रांची के बरियातू थाने में युवती की गुमशुदगी की रिपोर्ट. पुलिस जांच के दौरान मृतका की पहचान बरियातू (रांची) की रहने वाली माला कुमारी के रूप में हुई. शव बरामद होने के कुछ दिन बाद तक उसकी पहचान नहीं हो पाई थी. जिस वजह से शव का अंतिम संस्कार भी करा दिया गया था.
UPI पेमेंट ने पहुंचाया आरोपी तक
मामले की तफ्तीश के दौरान पुलिस ने रांची रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी CCTV फुटेज खंगाले. घटना वाले दिन सुबह करीब तीन बजे मृतका माला कुमारी को एक संदिग्ध युवक के साथ स्टेशन पर देखा गया.
बारीकी से जांच करने पर पता चला कि उस युवक ने स्टेशन परिसर की एक दुकान से सामान खरीदा था और उसका भुगतान यूपीआई UPI मोड से किया था. पुलिस तुरंत उस दुकानदार के पास पहुंची. जिसका बैंक खाता झारखंड ग्रामीण बैंक में था. जब उस डिजिटल लेनदेन का स्टेटमेंट निकाला गया, तो पता चला कि पैसे ‘सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया’ के एक खाते से ट्रांसफर हुए थे. बैंक खाते के आधार पर खाताधारक का नाम कुमार ऋषभ सामने आया. जो मूल रूप से बिहार के छपरा जिले के पानापुर का रहने वाला है.
View this post on Instagram
शादी के दबाव से परेशान होकर रची थी हत्या की साजिश
कॉल डिटेल और डिजिटल ट्रांजैक्शन के पुख्ता सबूतों के आधार पर बरियातू थाना पुलिस ने कुमार ऋषभ को हिरासत में लेकर पूछताछ किया. पुलिस की कड़ाई के आगे आरोपी ज्यादा देर टिक नहीं सका और उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका और माला कुमारी का अवैध संबंध था. माला उस पर लगातार शादी करने का दबाव बना रही थी, लेकिन वह शादी के लिए तैयार नहीं था. पीछा छुड़ाने की नीयत से उसने माला को जमशेदपुर (टाटानगर) घुमाने का बहाना बनाया और उसे हटिया-टाटा पैसेंजर ट्रेन में बिठा लिया.
ट्रेन खाली होते ही दिया वारदात को अंजाम
आरोपी के कबूलनामे के अनुसार जैसे ही ट्रेन टाटानगर रेलवे स्टेशन पहुंची और पूरी बोगी खाली हो गई, ऋषभ ने सबसे पहले माला का सर ट्रेन की दीवार पर जोर से पटका, जिससे वह बदहवास हो गई. इसके बाद उसने अपने मोबाइल फोन के चार्जर के केबल (तार) से माला का गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया. हत्या के बाद शव को ट्रेन में ही छोड़कर वह मौके से फरार हो गया और सीधे छपरा भाग गया.
आगे की कानूनी कार्रवाई और DNA जांच
पुलिस के पास से बरामद कपड़ों और सामानों के आधार पर मृतका की मां ने माला कुमारी की पहचान की. रांची पुलिस ने आरोपी कुमार ऋषभ को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए रेल पुलिस को सौंप दिया है. मामले को अदालत में पूरी तरह मजबूत बनाने और आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिए रेल डीजी DG अनिल पालटा के निर्देश पर रेल पुलिस पुलिस अब डीएनए DNA टेस्ट कराने की भी तैयारी कर रही है.
