हरमू बाईपास पर ओवरटेक कर फर्नीचर कारीगर को पीटा और छीनी कार; नोएडा, पटना और मिर्जापुर के रहने वाले हैं पकड़े गए आरोपी
Ranchi: राजधानी रांची के जगरनाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सैटेलाइट चौक के पास बीती रात (3 जुलाई) कार सवार अपराधियों द्वारा एक युवक से मारपीट कर उसकी बलेनो कार लूटने के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल तीन आरोपियों को धर-दबोचा है और उनकी निशानदेही पर लूटी गई कार व घटना में इस्तेमाल की गई ट्रिबर कार बरामद कर ली है.

ओवरटेक कर मारपीट, फिर लूटी बलेनो कार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित पवन कुमार राणा (उम्र 32 वर्ष, निवासी तुपुदाना) 3 जुलाई की रात करीब 10:45 बजे पुन्दाग से फर्नीचर का काम खत्म कर अपनी बलेनो कार (JH01FF-1647) से घर लौट रहे थे. इसी दौरान सैटेलाइट चौक से करीब 100 मीटर आगे बिरसा चौक जाने वाले बाईपास रोड पर एक पीले रंग की रेनो ट्रिबर कार (JH01DS-5575) ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोक दिया। ट्रिबर कार में सवार 4 अपराधियों में से 3 नीचे उतरे और पवन की कार का शीशा पीटकर खुलवाया। आरोपियों ने पीड़ित के साथ गाली-गलौज और मारपीट करते हुए उसका कॉलर पकड़ा और जबरन अपनी गाड़ी में बैठाने (अपहरण) का प्रयास किया. पीड़ित पवन किसी तरह खुद को बचाकर वहां से 50 मीटर दूर भागे, जिसके बाद एक अपराधी उनकी बलेनो कार लेकर अरगोड़ा की तरफ फरार हो गया.
पुलिस ने दर्ज किया केस, गठित हुई विशेष टीम
पीड़ित द्वारा जगरनाथपुर थाने में दी गई सूचना के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया. वारदात की गंभीरता को देखते हुए जगरनाथपुर थाना प्रभारी नितिन कुमार सिंह के नेतृत्व में एक संयुक्त छापामारी टीम का गठन किया गया, जिसमें विधानसभा थाना प्रभारी दिनेश ठाकुर और पुन्दाग ओपी प्रभारी संजीव कुमार समेत सशस्त्र बल शामिल थे.
गिरफ्तार आरोपियों की कुंडली
अनुसंधान और सघन छापेमारी के बाद पुलिस ने घटना में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पकड़े गए आरोपियों में दो मूल रूप से उत्तर प्रदेश और एक बिहार का रहने वाला है.
- राजीव रंजन (27 वर्ष): पिता- अनिल सिंह, स्थायी पता- अलीपुर, पटना (बिहार); वर्तमान पता- एसोटेक, बरियातु, रांची
- उमेश प्रसाद राय (55 वर्ष): पिता- स्व० रामछबीला राय, स्थायी पता- सेक्टर-78, नोएडा (उत्तर प्रदेश); वर्तमान पता- मेकॉन श्यामली कॉलोनी, डोरण्डा
- विशाल कुमार दूबे (26 वर्ष): पिता- राकेश दूबे, स्थायी पता- मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश); वर्तमान पता- एसोटेक, बरियातु
पुलिस की बड़ी कामयाबी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई नीले रंग की मारूति बलेनो कार (JH01FF-1647) और वारदात में इस्तेमाल की गई पीले रंग की रेनो ट्रिबर कार (JH01DS-5575) को पूरी तरह सुरक्षित बरामद कर लिया है. मामले में शामिल चौथे फरार आरोपी की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है.


