सरायकेला: जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर संभावित आपराधिक घटना को टालते हुए चार लोगों को हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है. इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरी जानकारी दी.

अपराध की योजना बना रहे थे आरोपी
एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग हथियार के साथ किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया.
ऑटो से चार लोगों को किया गया गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान जयप्रकाश उद्यान के समीप पुलिस टीम ने एक नीले रंग की ऑटो में बैठे चार लोगों को देखा. पुलिस को देखते ही सभी भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन सशस्त्र बल की मदद से चारों को पकड़ लिया गया.
Also Read: शराब घोटाला: नवीन केडिया ने ACB कोर्ट में दायर की जमानत याचिका
तलाशी में हथियार और कारतूस बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धीरज कुमार उर्फ छोटू साव, शेखर कुमार उर्फ पप्पू यादव, शिवा कुमार और वी. रमेश आनंद के रूप में हुई है, जो आदित्यपुर-1 क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं. तलाशी के दौरान धीरज कुमार उर्फ छोटू साव के पास से एक देशी कट्टा तथा शेखर कुमार उर्फ पप्पू यादव के पास से 8 एमएम के तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए. पुलिस ने मौके से ऑटो को भी जब्त कर लिया है.
प्राथमिकी दर्ज, आरोपियों को भेजा जा रहा जेल
पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है और सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है.
छापेमारी टीम में कई पुलिसकर्मी रहे शामिल
इस छापेमारी दल में आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की, सुनील कुमार सिंह, महेश उरांव, धर्मराज कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.

