रांची: विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन विधायक जयराम महतो ने डैमों से सिंचाई सुविधा का सवाल सदन में रखा. इस पर मंत्री हफीजुल अंसारी ने कहा कि 105 छोटी-बड़ी सिंचाई योजनाएं पूरी कर ली गई हैं. 3386 चेक डैम का निर्माण किया गया है.

पांच लाख 86 हजार 480 हेक्टेयर में सिंचाई हो रही है. पहले नहर के लिए जमीन लेनी पड़ती थी. अब जमीन की बाधा को दूर करने के लिए यूजीपीएल सिस्टम के तहत काम किया जा रहा है. वर्ष 2029-30 तक चार लाख 43 हजार 840 हेक्टेयर भूमि में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी.
सुदूर क्षेत्रों में बायोमेट्रिक सिस्टम काम नहीं कर रहा: हेमलाल मुर्मू
हेमलाल मुर्मू ने कहा कि सुदूर क्षेत्रों में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी की नियुक्ति नहीं होने से उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है. सुदूर क्षेत्रों में बायोमेट्रिक सिस्टम काम नहीं कर रहा है.
इस पर मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों की कमी दूर की गई है. टू-जी मशीन की जगह फोर-जी मशीन सभी पीडीएस दुकानदारों को दी गई है. राज्य में 40 हजार पीडीएस दुकान हैं. सभी की मॉनिटरिंग की जा रही है. दोषियों पर कार्रवाई होती है. पीडीएस व्यवस्था को और पारदर्शी बनाया जा रहा है.

