सिमडेगा: मेरा युवा भारत, सिमडेगा, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में पार्वती शर्मा इंटर महिला कॉलेज में शहीद दिवस के अवसर पर कार्यक्रम एवं पदयात्रा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत स्वतंत्रता सेनानी शहीद भगत सिंह, सुखदेव एवं राजगुरु की तस्वीरों पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई. इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने उनके बलिदान को नमन करते हुए देशभक्ति की भावना को सशक्त करने का संकल्प लिया.

युवाओं को किया देशभक्ति के मार्ग पर अग्रसर होने के लिए प्रेरित
कार्यक्रम का सफल संचालन मेरा युवा भारत की लेखा अधिकारी सुरिना टेटे की देखरेख में किया गया. कार्यक्रम में गोरखनाथ सिंह, प्राचार्य, ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल, मनोज कुमार सिन्हा, शिक्षक एवं सत्यजीत कुमार, एएनओ, एनसीसी, उपस्थित रहे. उन्होंने अपने संबोधन में शहीदों के अद्वितीय बलिदान को याद करते हुए युवाओं को राष्ट्रसेवा एवं देशभक्ति के मार्ग पर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया.
NCC कैडेट्स ने बढ़-चढ़कर भाग लिया
शहीदों को श्रद्धांजलि के पश्चात एक जागरूकता पदयात्रा का आयोजन किया गया, जो पार्वती शर्मा इंटर महिला कॉलेज से प्रारंभ होकर पुनः वहीं समाप्त हुई. पदयात्रा के दौरान छात्र-छात्राओं एवं स्वयंसेवकों ने जोशीले नारों के माध्यम से शहीदों के प्रति सम्मान प्रकट किया तथा समाज में देशभक्ति और जागरूकता का संदेश प्रसारित किया. इस पदयात्रा में NCC कैडेट्स ने बढ़-चढ़कर भाग लिया. साथ ही कॉलेज की छात्राओं एवं मेरा युवा भारत के स्वयंसेवकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई, जिससे कार्यक्रम का वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो उठा.
कार्यक्रम को सफल बनाने में मेरा युवा भारत के स्वयंसेवक रिया कुमारी, नैना कुमारी, सुलेखा कुमारी, संतोषी कुमारी, पूजा कुमारी, शिवम केशरी एवं संजय कुमार का विशेष योगदान रहा. यह कार्यक्रम न केवल शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का माध्यम बना, बल्कि युवाओं में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी एवं जागरूकता की भावना को भी सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण साबित हुआ.
यह भी पढ़ें: कनीय अभियंताओं के प्रोन्नति मामले में हाई कोर्ट का फैसला सुरक्षित

