गुमला: फर्जी बैंक खाता खोल साइबर ठग ने लिया 56 हजार का लोन, पीड़ित ने थाना में दर्ज कराई शिकायत

Gumla:जिले में साइबर ठग लगातार नए-नए हथकंडे अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं. ताजा मामले में जशपुर रोड रामनगर निवासी मुकेश...

Gumla

Gumla:जिले में साइबर ठग लगातार नए-नए हथकंडे अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं. ताजा मामले में जशपुर रोड रामनगर निवासी मुकेश कुमार के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर उनके नाम से फर्जी बैंक खाता खोला गया और उसी के माध्यम से 56,460 रुपये का लोन लेकर राशि निकाल ली गई. पीड़ित ने गुमला थाना में आवेदन देकर अज्ञात साइबर अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है.

आधार और पैन कार्ड का किया दुरुपयोग

पीड़ित मुकेश कुमार ने आवेदन में बताया कि उनके आधार कार्ड और पैन कार्ड की जानकारी का दुरुपयोग कर उनके नाम और पते पर इंडियन ओवरसीज बैंक में फर्जी खाता खोला गया. इसके बाद उसी खाते के माध्यम से एक फाइनेंस कंपनी से 56,460 रुपये का लोन लिया गया और राशि दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी गई.

सिबिल रिपोर्ट से हुआ फर्जीवाड़े का खुलासा

मुकेश कुमार ने बताया कि जब उन्होंने अपनी सिबिल (CIBIL) रिपोर्ट की जांच कराई, तब उन्हें अपने नाम पर लिए गए इस फर्जी लोन की जानकारी मिली. इसके बाद उन्होंने पूरे मामले की जानकारी जुटानी शुरू की.

बैंक प्रबंधन ने ऑनलाइन खाता खुलने की दी जानकारी

पीड़ित ने बताया कि इंडियन ओवरसीज बैंक के प्रबंधक से संपर्क करने पर उन्हें बताया गया कि संबंधित खाता ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से खोला गया था, जो बैंक के नियमानुसार दर्ज है. हालांकि पीड़ित का कहना है कि उन्होंने ऐसा कोई खाता नहीं खुलवाया और न ही किसी प्रकार का लोन लिया.

फर्जी खाता सीज कर कार्रवाई की मांग

मुकेश कुमार ने गुमला थाना में आवेदन देकर साइबर ठगों की पहचान करने, उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा उनके नाम से खोले गए फर्जी बैंक खाते को तत्काल सीज करने की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

ALSO READ:धनबाद: पुलिस ने छापेमारी कर अवैध लॉटरी के छपाई खाना से डेढ़ करोड़ की लॉटरी बरामद की

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *