Hazaribagh: DC हेमन्त सती ने नगर क्षेत्र एवं कटकमदाग प्रखंड का भ्रमण कर विभिन्न विकास योजनाओं, भूमि संबंधी मामलों तथा प्रशासनिक कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. नगर भ्रमण के दौरान उपायुक्त ने पेलावल क्षेत्र के वार्ड संख्या-1, रोड संख्या-3 में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) मद से ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा राजन के घर से अलहीरा स्कूल, पेलावल दक्षिणी तक निर्मित किए जा रहे पीसीसी पथ का स्थलीय निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्हें जानकारी मिली कि स्वीकृत पथ के कुछ हिस्से को स्थानीय लोगों द्वारा चाहरदीवारी निर्माण कर संकीर्ण कर दिया गया है. इस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान यह प्रकाश में आया कि स्थानीय लोगों द्वारा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर आवास निर्माण करने तथा समुचित नाली निकासी व्यवस्था नहीं की गई है, इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की, वही वार्ड संख्या-21 में निर्माणाधीन नए फ्लैटों के निरीक्षण के दौरान भवन निर्माण में स्वीकृत नक्शा एवं निर्धारित मानकों के अनुपालन में गंभीरता नहीं दिखाई दी. उपायुक्त ने तत्काल टाउन प्लानर को कार्यालय बुलाकर मामले की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

कटकमदाग प्रखंड का भ्रमण
इसके उपरांत उपायुक्त कटकमदाग प्रखंड पहुंचे, जहां उन्होंने एक आवेदनकर्ता द्वारा भूमि संबंधी शिकायत पर मौजा खपरियावां में स्वयं स्थल निरीक्षण किया. जांच के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे. निरीक्षण में प्रथम दृष्टया यह तथ्य सामने आया कि संबंधित भूमि की गलत तरीके से डीड तैयार कर बिक्री किए जाने का मामला है. इस पर उपायुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित कर्मियों को फटकार लगाई तथा वरीय सहायक राजेश कुमार का तत्काल स्थानांतरण करने का निर्देश दिया. भ्रमण के क्रम में उपायुक्त ने कटकमदाग अंचल कार्यालय का भी निरीक्षण किया तथा विभिन्न प्रशासनिक एवं राजस्व संबंधी कार्यों की समीक्षा की. उन्होंने साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत असेंबलिंग किए जा रहे साइकिलों का निरीक्षण कर वितरण कार्य में तेजी लाने एवं अविलंब लाभुकों के बीच साइकिल वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उपायुक्त ने प्रखंड कार्यालय में पंचायती राज विभाग द्वारा आयोजित ग्राम पंचायत सहजकर्ता दल (जीपीएफटी) के दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में भी भाग लिया. उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रतिभागियों को ग्राम पंचायतों में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनसहभागिता एवं सुशासन को सुदृढ़ बनाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया तथा संबंधित अधिकारियों को प्रशिक्षण का उद्देश्य धरातल पर प्रभावी रूप से लागू कराने के निर्देश दिए. उपायुक्त ने कहा है कि जमीन संबंधी मामले जिनका अंचल स्तर से समाधान नहीं हो पा रहा है वो प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को जिला में लगने वाले जनता दरबार में आकर आवेदन दे सकते है.

AlsoRead:चोर को पकड़ने के बाद पुलिस टीम पर हमला, भूली ओपी के सब इंस्पेक्टर हरिप्रकाश मिश्रा घायल


