Hazaribagh: जिले में बिजली व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है. इन दिनों भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट ने आम लोगों का जीना मुहाल कर दिया है. तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद बिजली आपूर्ति की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है. दिन भर में महज कुछ घंटों के लिए ही बिजली मिल पा रही है, जिससे लोगों का दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है.
लोड शेडिंग और मेंटेनेंस के नाम पर कटौती
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग लोड शेडिंग के नाम पर मनमानी कर रहा है. बिना किसी तय समय-सारणी के कभी भी बिजली काट दी जाती है. कभी मेंटेनेंस का हवाला देकर घंटों सप्लाई बाधित कर दी जाती है, तो कभी बिना पूर्व सूचना के ही बिजली गुल हो जाती है. इससे न सिर्फ घरेलू कार्य प्रभावित हो रहे हैं, बल्कि छोटे व्यवसाय और दुकानदार भी खासे परेशान हैं.
बताया जा रहा है कि बीते कई दिनों से 33 हजार लाइन में मेंटेनेंस कार्य के कारण बिजली कटौती की जा रही थी. हालांकि मेंटेनेंस कार्य पूरा होने के बाद भी आपूर्ति सामान्य नहीं हो सकी है. वहीं, गुरुवार को यह जानकारी मिली कि दामोदर वैली कॉरपोरेशन (DVC) की ओर से पावर कट होने के कारण भी क्षेत्र में बिजली संकट गहरा गया है.
Also Read: रामगढ़ फैक्ट्री ब्लास्ट: मौत का आंकड़ा बढ़कर हुआ 5, जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे अन्य मजदूर
VVIP इलाकों में निर्बाध आपूर्ति पर सवाल
हालांकि बिजली विभाग कुछ खास इलाकों में निर्बाध बिजली आपूर्ति कर रहा है. झील रोड, जहां जिले के कई बड़े अधिकारियों के सरकारी आवास स्थित हैं—जैसे प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, कमिश्नर, डीसी, एसपी समेत अन्य—वहां न तो मेंटेनेंस के नाम पर कटौती हो रही है और न ही लोड शेडिंग. ऐसे में आम जनता में आक्रोश स्वाभाविक है.
गर्मी में ठप पड़े उपकरण, बढ़ी परेशानी
भीषण गर्मी के इस दौर में पंखे, कूलर और अन्य उपकरण ठप पड़े हैं, जिससे लोगों का घरों में रहना भी मुश्किल हो गया है. खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. रात में भी बार-बार बिजली कटने से लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है, जिससे स्वास्थ्य पर भी असर पड़ने लगा है.
गैस संकट ने बढ़ाई मुश्किलें
इधर, गैस की किल्लत ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है. समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिलने से कई घरों में खाना बनाने में परेशानी हो रही है. ग्रामीण क्षेत्रों में तो लोग लकड़ी और अन्य विकल्पों का सहारा लेने को मजबूर हैं. लगातार बढ़ती समस्याओं के कारण लोगों में आक्रोश भी देखने को मिल रहा है.
लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे. आमजन ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि बिजली आपूर्ति को नियमित किया जाए, अनावश्यक कटौती पर रोक लगे और गैस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि इस भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिल सके.
