रांची: भाकपा माओवादी के बड़े नेता प्रद्युमन शर्मा के बेटे तरुण कुमार की क्रिमिनल मिसलेनियस पिटीशन (क्वैशिंग याचिका) पर झारखंड हाई कोर्ट के जस्टिस रंगन मुखोपाध्याय और जस्टिस प्रदीप कुमार श्रीवास्तव की खंडपीठ में सुनवाई हुई. अदालत ने मामले में गवाहों के पुनरीक्षण का आदेश देते हुए एक सप्ताह का समय दिया है. अब इस मामले की अगली सुनवाई अगले सप्ताह होगी.

2022 में NIA ने किया था गिरफ्तार
तरुण कुमार को 25 जुलाई 2022 को बिहार के जहानाबाद जिले के रुस्तमपुर गांव से राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने गिरफ्तार किया था. इसके बाद उसे रिमांड पर लेकर उसके पिता प्रद्युमन शर्मा के आमने-सामने बैठाकर पूछताछ भी की गई थी.
Also Read: जन समस्याओं को लेकर फिर मुखर हुए विधायक आलोक चौरसिया, जल जीवन मिशन की विफलता पर उठाए सवाल
कई वर्षों से जेल में बंद हैं प्रद्युमन शर्मा
बताया जाता है कि भाकपा माओवादी के वरिष्ठ नेता प्रद्युमन शर्मा बीते कई वर्षों से हजारीबाग जेल में बंद हैं.
संगठन के लिए फंड जुटाने का आरोप
राष्ट्रीय जांच एजेंसी की जांच में यह सामने आया है कि तरुण कुमार भाकपा माओवादी के मगध जोन में संगठन को मजबूत करने के लिए फंड जुटाने का काम करता था. साथ ही उस पर संगठन के पुराने कैडरों को जोड़कर माओवादी हिंसा के लिए उकसाने का आरोप भी लगाया गया है.

