Chatra: चतरा जिला मुख्यालय समेत जिले के विभिन्न प्रखंडों में संचालित हाई स्कूल एवं प्लस टू विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को पिछले तीन महीनों से वेतन भुगतान नहीं हुआ है. जिससे शिक्षकों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है. प्रभावित शिक्षकों ने आरोप लगाया है कि जांच के नाम पर जिला शिक्षा पदाधिकारी और डीईओ कार्यालय द्वारा लगातार नए-नए दस्तावेजों की मांग कर वेतन भुगतान में अनावश्यक विलंब किया जा रहा है. स्थिति ऐसी हो गई है कि कई शिक्षकों के घरों में खाने तक के लाले पड़ गए हैं.

बार-बार मांगे जा रहे दस्तावेज
शिक्षकों का कहना है कि जिले के प्राथमिक शिक्षकों और अन्य विभागों के कर्मचारियों का वेतन भुगतान हो चुका है, लेकिन हाई स्कूल और प्लस टू शिक्षकों का वेतन अब तक लंबित है. शिक्षकों ने बताया कि निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी (DDO) सह जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय द्वारा पहले निर्धारित प्रारूप में पदस्थापना विवरणी की हार्ड एवं सॉफ्ट कॉपी मांगी गई. इसके बाद हेडमास्टर के घोषणापत्र के साथ रजिस्टर जमा कराने को कहा गया. फिर कोषागार भेजने हेतु पत्र और अंत में सेवा पुस्तिका जमा करने का निर्देश दिया गया. सभी दस्तावेज जमा करने के बावजूद अब तक वेतन भुगतान नहीं किया गया है.
जनगणना कार्य बहिष्कार की चेतावनी
अविलम्ब वेतन भुगतान नहीं होने से नाराज शिक्षकों ने चेतावनी दी है कि यदि अविलंब भुगतान नहीं हुआ तो वे जनगणना कार्य का बहिष्कार करेंगे. शिक्षकों ने साफ कहा है कि वेतन नहीं तो जनगणना नहीं. उन्होंने डीईओ दिनेश मिश्रा एवं कार्यालय कर्मियों पर मनमानी और लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कार्यालय की लेट-लतिफी के कारण सैकड़ों शिक्षक आर्थिक और मानसिक परेशानी झेल रहे हैं. गौरतलब है कि जिले के दर्जनों उच्च विद्यालयों एवं प्लस टू विद्यालयों के सैकड़ों शिक्षक इस समस्या से प्रभावित हैं और लंबे समय से वेतन भुगतान का इंतजार कर रहे हैं.
ALSO READ: कोडरमा मे लाखों का लकड़ी जब्त, वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो गिरफ्तार
एक से दो दिनों में हो जाएगा भुगतान : डीईओ
इधर जिला शिक्षा पदाधिकारी दिनेश मिश्रा ने शिक्षकों के आरोपों को निराधार बताया है. उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार शिक्षकों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है. डीईओ ने कहा कि कुछ शिक्षकों द्वारा आवश्यक कागजात समय पर जमा नहीं करने के कारण प्रक्रिया प्रभावित हुई है. हालांकि उन्होंने भरोसा दिलाया कि एक से दो दिनों के भीतर सभी आवश्यक दस्तावेज ट्रेजरी भेज दिए जाएंगे और अधिकांश शिक्षकों का वेतन भुगतान जल्द कर दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि भुगतान प्रक्रिया अंतिम चरण में है तथा जिन शिक्षकों के दस्तावेज पूर्ण हैं, उनका भुगतान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा.
