News Wave Desk: तेलंगाना के सूर्यपट जिले में हैदराबाद-विजयवाड़ा नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई है. यहां यात्रियों से भरी एक निजी बस सकड़ किनारे खड़े कंटेनर ट्रक से जा टकराई. इस हादसे में बस में सवार 6 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल बताए जा रहे हैं. हादसा कोडद मंडल के द्वारकुंटा इलाके के पास बुधवार सुबह करीब 4:30 से 5 बजे के बीच हुआ. बताया जा रहा है कि बस हैदराबाद से एलुरु की ओर जा रही थी. इसी दौरान वह लोहे की छड़ों से लदे एक कंटेनर से भिड़ गई.

लोहे की छड़ों ने बस के अंदर मचाई तबाही
टक्कर इतनी भयंकर थी कि कंटेनर में रखी लोहे की लंबी छड़ें बस के अगले हिस्से को चीरते हुए अंदर तक घुस गई, जिससे बस के शीशे टूट गए और आगे की सीटों पर बैठे यात्री घायल हो गए. हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई और कई यात्री क्षतिग्रस्त हिस्से में फंस गए. जानकारी के मुताबिक, बस में करीब 42 यात्री सवार थे. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. बस की हालत इतनी खराब थी कि अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. बचाव दल द्वारा गैस कटर और अन्य उपकरणों की मदद से बस के हिस्सों को काटकर यात्रियों को बाहर निकाला गया. इसके बाद घायलों को आसपास के अस्पतालों में इलाज के लिए भेजा गया.
6 की मौत, 20 घायल
पुलिस के अनुसार, हादसे में 6 लोगों की मौत हुई है, जबकि करीब 20 लोग घायल हो गए हैं. दुर्घटना के बाद हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया. वाहनों की लंबी कतार लग गई. पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल हादसे की वजह पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो पाई है.

