Ranchi: जिला प्रशासन के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद शहर में गैस एजेंसियां नियमों का पालन नहीं कर रही हैं. डीसी मंजूनाथ भजंत्री द्वारा घर-घर गैस सिलेंडर पहुंचाने के सख्त आदेश दिए गए थे, लेकिन कई इलाकों में अब भी प्वाइंट डिलीवरी के जरिए ही सिलेंडर वितरण किया जा रहा है. इससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
गैस एजेंसी द्वारा मैदान या सड़क पर ही सिलेंडर वितरण किया जा रहा है, जहां बड़ी संख्या में लोग तेज धूप में कतारबद्ध होने को मजबूर हैं. इसी तरह लालपुर की जयंत में सुबह कुछ समय के लिए कार्यालय के पास सिलेंडर दिए गए, लेकिन दोपहर बाद व्यवस्था बंद कर दी गई.
10-15 दिन बाद भी नहीं मिल रहा सिलेंडर
प्वाइंट डिलीवरी व्यवस्था के कारण उपभोक्ताओं को बुकिंग के 10 से 15 दिन बाद भी गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है. कई लोग एजेंसी के चक्कर लगाने को मजबूर हैं. उपभोक्ताओं ने बताया कि 10 दिन पहले डीएसी (डिलीवरी अलॉटमेंट कन्फर्मेशन) आ चुका है, फिर भी गैस नहीं मिली.
बढ़ता जा रहा बैकलॉग, 80 हजार से अधिक सिलेंडर लंबित
घर-घर डिलीवरी नहीं होने से सिलेंडरों का बैकलॉग लगातार बढ़ रहा है. जानकारी के अनुसार शहर में 80 हजार से अधिक सिलेंडरों की डिलीवरी लंबित है, जबकि एजेंसियां रोजाना वितरण का दावा कर रही हैं.
ALSO READ: हेमंत सरकार महिलाओं को देगी बड़ी सौगात: 15 अप्रैल से शुरू होने जा रही दस्तावेजों की जांच, विभाग ने जारी किया शेड्यूल
कार्ड सस्पेंड होने से बढ़ी परेशानी
कई उपभोक्ताओं को एजेंसी पहुंचने पर यह जानकारी मिल रही है कि उनका गैस कार्ड सस्पेंड कर दिया गया है. ऐसे उपभोक्ताओं को 15 अप्रैल के बाद आने को कहा जा रहा है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई है.
प्रशासन की सख्ती के बावजूद लापरवाही जारी
गौरतलब है कि तीन दिन पहले ही जिला प्रशासन ने सभी एजेंसियों को घर पर सिलेंडर पहुंचाने के निर्देश दिए थे और कार्यालयों के बाहर नोटिस भी चस्पा किया गया था. इसके बावजूद एजेंसियों की मनमानी जारी है, जिससे उपभोक्ताओं में आक्रोश बढ़ता जा रहा है.
