Saraikela: चांडिल गोलचक्कर-कांड्रा सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर बुधवार को ग्रामीणों ने एक दिवसीय धरना दिया. आंदोलनकारियों ने चार घंटों तक सड़क जाम रखा, जिससे दोनों तरफ से आवागमन बंद रहा. ग्रामीण आंदोलनकारी एकता मंच के बैनर तले हुए इस प्रदर्शन में भाजपा नेता आकाश महतो भी शामिल हुए. भाजपा नेता आकाश महतो ने कहा कि JMM सरकार ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के लोगों को ठगने का काम कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि मैया योजना, छात्र-छात्राओं की स्कॉलरशिप, वृद्धा पेंशन और सड़क निर्माण कार्य में गड़बड़ी सामने आई है. आकाश महतो ने कहा कि चांडिल-कांड्रा सड़क के राइडिंग क्वालिटी सुधार कार्य का शिलान्यास चार महीने पहले हुआ था. स्थानीय विधायक ने दावा किया था कि चार महीने के अंदर सड़क निर्माण पूरा होगा और लोगों को धूल-प्रदूषण से निजात मिलेगी. लेकिन चार महीने बीत जाने के बाद भी सड़क निर्माण कार्य धीमी गति से चल रहा है.
यह भी पढ़ें : चाय, चिट्ठी और चक्रव्यूह: झारखंड में घोटालों पर वार-पलटवार, जेएमएम ने मरांडी को घेरा

सड़क की बदहाल स्थिति से आमलोग परेशान
सड़क की बदहाल हालत से आम जनता, छात्र-छात्राओं और राहगीरों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. बड़े-बड़े गड्ढों और उड़ती धूल से लोग परेशान हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक मौन है. इसी को लेकर आज महिला-पुरुषों ने पदयात्रा और आक्रोश रैली भी निकाली. ग्रामीणों ने कहा कि यह आंदोलन केवल विरोध नहीं, बल्कि जनहित की आवाज है. जब तक सड़क का निर्माण पूरा नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा.

यह भी पढ़ें : कैबिनेट का फैसलाः अनाधिकृत रुप से निर्मित आवास होंगे नियमित, अवैध माइनिंग पर लगाया जाएगा लगाम
