Ranchi: पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर झारखंड सरकार के मंत्री इरफान अंसारी ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि देश में महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है, लेकिन कुछ नेता आज भी असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की राजनीति कर रहे है.
इरफान अंसारी ने उन नेताओं पर निशाना साधा जो भारत में बढ़ती कीमतों की तुलना पाकिस्तान से कर रहे है. उन्होंने कहा कि जनता ने नेताओं को पाकिस्तान की चर्चा करने के लिए नहीं, बल्कि हिंदुस्तान की समस्याओं का समाधान करने के लिए चुना है. उन्होंने कहा- पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल कितना महंगा है, इससे भारत की जनता को कोई मतलब नहीं है.

सवाल यह है कि हमारे देश में पेट्रोल, डीजल और गैस के दाम लगातार क्यों बढ़ रहे हैं?
इरफान अंसारी का बीजेपी पर आरोप कहा…
मंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा हर बार धर्म, हिंदू-मुस्लिम और पाकिस्तान जैसे मुद्दों को आगे कर अपनी नाकामियों को छुपाने का प्रयास करती है. लेकिन अब जनता सब समझ चुकी है और महंगाई, बेरोजगारी तथा रोजमर्रा की परेशानियों पर जवाब मांग रही है.
इरफान अंसारी ने कहा कि देश को नफरत की नहीं, जवाबदेही की राजनीति चाहिए। उन्होंने दावा किया कि भावनात्मक मुद्दों के सहारे जनता को ज्यादा दिनों तक गुमराह नहीं किया जा सकता.
