Ranchi: झारखंड के मंत्री और कांग्रेस नेता इरफान अंसारी ने इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल और चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसी नीतियां आखिर किसके हित में बनाई जा रही हैं. इरफान अंसारी ने कहा कि पेट्रोल में इथेनॉल की मात्रा बढ़ने से वाहन मालिकों के सामने माइलेज और गाड़ियों की अनुकूलता को लेकर चिंता बढ़ी है. वहीं, महंगी चीनी का असर आम लोगों की रसोई और गरीब परिवारों के बजट पर पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसी नीति बनानी चाहिए, जिससे किसानों को उनकी फसल का उचित दाम मिले, आम लोगों को चीनी उचित कीमत पर मिले और वाहन मालिकों को अपनी जरूरत के अनुसार ईंधन चुनने का विकल्प मिले.

‘जनता पर बोझ बढ़ाने वाली नीतियां बंद हों’
इरफान अंसारी ने कहा कि सिर्फ नीतियां बनाने से विकास नहीं होता. सरकार को यह भी देखना चाहिए कि उसका असर आम लोगों पर क्या पड़ रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से जनता परेशान है. उन्होंने कहा कि जनता के निवाले की मिठास छीनकर विकास नहीं किया जा सकता. सरकार को किसानों, उपभोक्ताओं और वाहन मालिकों के हितों को ध्यान में रखकर फैसले लेने चाहिए. इरफान अंसारी ने कहा, गाड़ी भी बचाइए और गरीब के निवाले की मिठास भी. उन्होंने भाजपा सरकार से अपनी नीतियों पर दोबारा विचार करने की मांग की.
ALSO READ: हजारीबाग: लापता युवक का शव कुएं से बरामद होने से इलाके में सनसनी, शुक्रवार शाम से था लापता

