स्पोर्ट्स डेस्क: यशस्वी जायसवाल की नाबाद 77 रन की शानदार पारी और वैभव सूर्यवंशी के 39 रनों की तेजतर्रार बल्लेबाजी के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 में लगातार तीसरी जीत दर्ज कर ली. गुवाहाटी के बारसापरा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में राजस्थान ने मुंबई इंडियंस को 27 रनों से मात दी.
बारिश से प्रभावित मैच में राजस्थान का दबदबा
बारिश के कारण मैच को 11 ओवर प्रति पारी कर दिया गया था. पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने 11 ओवर में 3 विकेट खोकर 150 रन बनाए, जिसके जवाब में मुंबई की टीम 9 विकेट पर 123 रन ही बना सकी.
मैच की शुरुआत से पहले बारिश ने खलल डाला, लेकिन खेल शुरू होते ही राजस्थान के बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया.
ALSO READ: कलपक्कम में भारत की परमाणु छलांग, PFBR की पहली क्रिटिकलिटी से खुला ऊर्जा आत्मनिर्भरता का नया अध्याय
पावरप्ले में ही राजस्थान ने बना दिया दबाव
दीपक चाहर के पहले ओवर में ही यशस्वी जायसवाल ने आक्रामक शुरुआत करते हुए 22 रन बटोर लिए. इसके बाद जसप्रीत बुमराह के ओवर में वैभव सूर्यवंशी ने पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर तेवर दिखा दिए. तीन ओवर के पावरप्ले में राजस्थान ने 58 रन ठोक दिए.
वैभव सूर्यवंशी ने 14 गेंदों पर 39 रन बनाए, जिसमें एक चौका और पांच छक्के शामिल रहे. ध्रुव जुरेल 2 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कप्तान रियान पराग 10 गेंदों पर 20 रन बनाकर पवेलियन लौटे.
जायसवाल ने संभाली पारी, अंत तक रहे नाबाद
यशस्वी जायसवाल ने अपनी शानदार बल्लेबाजी जारी रखते हुए अर्धशतक पूरा किया और अंत तक नाबाद रहे. उन्होंने 32 गेंदों में 10 चौके और 4 छक्कों की मदद से 77 रन बनाए. मुंबई की ओर से गजनफर ने 2 विकेट लिए, जबकि जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट और दीपक चाहर महंगे साबित हुए.
गेंदबाजों ने भी दिखाया दम
150 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की शुरुआत खराब रही. पहले ही ओवर में जोफ्रा आर्चर ने रिकल्टन को आउट कर दबाव बना दिया. इसके बाद नांद्रे बर्गर ने सूर्यकुमार यादव को चलता किया, जबकि संदीप शर्मा ने रोहित शर्मा को आउट कर मुंबई को बड़ा झटका दिया.
मुंबई की बल्लेबाजी रही फ्लॉप
कप्तान हार्दिक पांड्या भी कुछ खास नहीं कर सके और सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गए. रवि बिश्नोई ने तिलक वर्मा और पांड्या को जल्दी आउट कर मैच राजस्थान की तरफ मोड़ दिया.
शेरफाने रदरफर्ड ने जरूर संघर्ष करते हुए कुछ आक्रामक शॉट खेले, लेकिन तुषार देशपांडे ने उन्हें आउट कर मुंबई की उम्मीदों पर पानी फेर दिया. इसके बाद मुंबई की टीम वापसी नहीं कर सकी और 123 रन तक ही सीमित रह गई.
ALSO READ: झारखंड में ‘ब्लड पॉलिटिक्स’- हाई कोर्ट का आदेश कागजों पर, जमीन पर ‘खून के बदले खून’ का खेल?
इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स ने न केवल अपनी लय और आत्मविश्वास को और मजबूत किया है, बल्कि टूर्नामेंट में खिताब की दावेदारी भी मजबूती से पेश कर दी है, जबकि मुंबई इंडियंस के लिए यह हार आगे की रणनीति पर गंभीर सवाल खड़े करती है.
