Jamshedpur: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की सिंहभूम जिला इकाई ने सोमवार को साकची स्थित जिला कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित कर नीट परीक्षा लीक, शिक्षा व्यवस्था, बेरोजगारी और महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा. पार्टी ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग भी की.
छात्रों की आवाज दबाने का आरोप
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए भाकपा के जिला सचिव अंबुज कुमार ठाकुर ने कहा कि शिक्षा सुधार और नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दों पर छात्रों के भविष्य की चिंता को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक पिछले करीब 20 दिनों से जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे थे. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ने उन्हें जबरन हटाकर छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास किया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है.
शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग
अंबुज ठाकुर ने कहा कि नीट परीक्षा लीक मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए. उनका आरोप था कि अब तक कार्रवाई नहीं होने से यह स्पष्ट होता है कि केंद्र सरकार छात्रों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर नहीं है.
बेरोजगारी और महंगाई पर भी सरकार को घेरा
भाकपा जिला सचिव ने कहा कि देश में बेरोजगारी और महंगाई लगातार बढ़ रही है, लेकिन सरकार इन मूलभूत समस्याओं के समाधान के बजाय अन्य मुद्दों में उलझी हुई है. उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों, युवाओं और आम जनता के हितों की लगातार अनदेखी की जा रही है.
संघर्ष जारी रखने का एलान
अंबुज ठाकुर ने कहा कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी शिक्षा, रोजगार, महंगाई और जनहित से जुड़े सभी मुद्दों पर अपना संघर्ष जारी रखेगी. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पार्टी इन सवालों को लेकर सड़क से लेकर सदन तक लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगी.
ये रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में भाकपा के जिला सचिव मंडल सदस्य धनंजय शुक्ला, वरिष्ठ नेता शशि कुमार समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
ALSO READ: कांग्रेस नेताओं ने की लाठीचार्ज की निंदा, शशि थरूर ने कहा – बहुमत होते हुए भी सरकार क्यों डर रही
