Jamshedpur: अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार जमशेदपुर के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार पांडेय के निर्देशानुसार और डालसा सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी के मार्गदर्शन में मानगो चौक पर युवाओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया.
इस दौरान डालसा पीएलवी नागेंद्र कुमार, दिलीप जायसवाल, मनोज महतो एवं जोबा रानी बास्के ने युवाओं को उनके अधिकारों और युवा विकास से संबंधित योजनाओं के बारे में जानकारी दी. अभियान के दौरान बताया गया कि युवा केवल उम्र की एक अवस्था नहीं, बल्कि ऊर्जा, साहस, कल्पना, परिवर्तन और नवसृजन की चेतना का नाम है. जिस समाज की युवा शक्ति जाग्रत, संवेदनशील और रचनात्मक होती है, वह समाज परिवर्तन की नई इबारत लिखता है.
युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देने पर जोर
कार्यक्रम में बताया गया कि जब युवा दिशाहीन हो जाते हैं तो उनकी ऊर्जा हिंसा, नशे, उग्रवाद, अपराध, निराशा और विध्वंस का कारण बन सकती है. इसलिए युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देना जरूरी है. इसी उद्देश्य को वैश्विक स्तर पर महत्व देने के लिए हर वर्ष 12 अगस्त को अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया जाता है.
2026 की थीम ‘अलग परिस्थितियां, समान आकांक्षाएं’
संयुक्त राष्ट्र के अनुसार पहला अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस 12 अगस्त 2000 को मनाया गया था. इसका उद्देश्य वर्ल्ड प्रोग्राम ऑफ एक्शन फॉर यूथ के बारे में जागरूकता बढ़ाना और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सार्वजनिक चर्चा को प्रोत्साहित करना है. युवा दिवस 2026 की थीम ‘अलग परिस्थितियां, समान आकांक्षाएं’ है. इसका संदेश है कि दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले युवाओं की सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक परिस्थितियां भले ही अलग हों, लेकिन उनके कई सपने और जरूरतें समान हैं, जैसे अच्छी शिक्षा, बेहतर रोजगार, स्वास्थ्य, सम्मान, निर्णय लेने में भागीदारी और सुरक्षित एवं टिकाऊ भविष्य.
युवा दिवस युवाओं की उपलब्धियों को पहचानने के साथ-साथ उन चुनौतियों पर चर्चा करने का अवसर भी देता है, जिनका वे सामना करते हैं. यह दिन समाज को याद दिलाता है कि युवा केवल जनसंख्या का एक वर्ग नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक बदलाव की महत्वपूर्ण शक्ति भी हैं.
डालसा सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी ने कहा कि आज के दिन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में डीएलएसए के निर्देश पर पीएलवी के माध्यम से युवाओं के बीच जागरूकता अभियान चलाया गया.
