Jamshedpur: शहर के टीएएफ ग्राउंड के पास हुई एक बर्बर घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है. मामूली विवाद में कुछ युवकों द्वारा खौलती चाय फेंके जाने से गंभीर रूप से झुलसी युवती मेहंदी का इलाज वर्तमान में टाटा मेन हॉस्पिटल के आईसीयू में चल रहा है. इस बीच, जमशेदपुर पूर्वी के विधायक और जदयू नेता सरयू राय.ने संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए पीड़िता के इलाज का संपूर्ण खर्च उठाने की घोषणा की है.
क्या है पूरा मामला?:
यह अमानवीय घटना छह अप्रैल की शाम करीब 8:30 बजे की है. जमशेदपुर के टीएएफ ग्राउंड स्थित ‘बजरंग चाय दुकान’ पर 8 से 10 युवकों का एक समूह चाय पीने पहुंचा था.चाय परोसने में हुई मामूली देरी से युवक आक्रोशित हो गए और दुकान में हंगामा व तोड़फोड़ शुरू कर दी. विवाद के दौरान, क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए एक युवक ने चूल्हे पर रखी खौलती चाय की केतली उठाई और दुकान में मौजूद युवती मेहंदी के चेहरे पर फेंक दी. युवती चीखते हुए जमीन पर गिर पड़ी, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया.

पैसे की नहीं होगी कमी विधायक सरयू राय का आश्वासन:
विधायक सरयू राय ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिबद्धता जाहिर करते हुए स्पष्ट किया कि पीड़ित बच्ची के इलाज में धन की कोई कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी.
