Jamtara : साइबर DSP अमित रविदास ने मंगलवार को साइबर थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्रेडिट कार्ड के नाम पर हुई साइबर ठगी के मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान मार्गोमुंडा थाना क्षेत्र के पंचरुखी निवासी नसरुद्दीन अंसारी (30 वर्ष) के रूप में हुई है. DSP ने बताया कि साइबर थाना कांड संख्या 43/26, दिनांक 14 जुलाई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS), IT एक्ट और टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.
फर्जी कॉल, APK लिंक और लाखों की ठगी, पुलिस ने साइबर अपराधी को दबोचा
पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड, दो पासबुक, एक आधार कार्ड और ₹4,04,500 नकद बरामद किए हैं. प्रेस कॉन्फ्रेंस में DSP अमित रविदास ने बताया कि यह नकद राशि साइबर अपराधी के पास रखी एक थैली से बरामद की गई है. जांच में सामने आया कि आरोपी बैंक अधिकारी बनकर लोगों को क्रेडिट कार्ड बंद होने अथवा नया कार्ड देने का झांसा देता था. इसके बाद वह पीड़ितों से APK फाइल डाउनलोड कराकर उनके मोबाइल और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल कर साइबर ठगी को अंजाम देता था. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में कोई ऐप डाउनलोड न करें, बैंक खाते या क्रेडिट कार्ड से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करें तथा किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराएं.
Also Read : पूर्व मंत्री मन्नान मलिक का निधन, कांग्रेस मुख्यालय में दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
