Ranchi: झारखंड के पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मन्नान मलिक का मंगलवार सुबह रांची के पल्स अस्पताल में निधन हो गया. वे पिछले कई महीनों से अस्वस्थ थे और इलाज चल रहा था. उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई.
कांग्रेस मुख्यालय में अंतिम दर्शन, नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
दोपहर करीब 2 बजे उनका पार्थिव शरीर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय लाया गया. यहां ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, रविन्द्र सिंह, प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रामा खलको, महानगर अध्यक्ष कुमार राजा, राजीव रंजन प्रसाद, सोनल शांति समेत कई वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. इस दौरान कांग्रेस की ओर से उनके पार्थिव शरीर पर पार्टी का झंडा ओढ़ाकर अंतिम सम्मान भी दिया गया.
केशव महतो कमलेश बोले- कांग्रेस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मन्नान मलिक का निधन कांग्रेस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है. उन्होंने कहा कि उन्होंने अपना पूरा सार्वजनिक जीवन जनसेवा, सामाजिक सद्भाव और कांग्रेस की विचारधारा को समर्पित किया. वे सादगीपूर्ण, मिलनसार और संघर्षशील जननेता थे, जिन्होंने हमेशा समाज के कमजोर और वंचित वर्गों की आवाज बुलंद की. उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा.
दीपिका पांडेय सिंह ने कहा- पार्टी ने समर्पित नेता खो दिया
ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने अपने शोक संदेश में कहा कि मन्नान मलिक का निधन पार्टी के लिए अत्यंत दुखद क्षति है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने एक अनुभवी, समर्पित और कर्मठ नेता खो दिया है. उनका सार्वजनिक जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा.
सुबोध कांत सहाय ने बताया जनसेवा का प्रतीक
पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय ने कहा कि मन्नान मलिक का जीवन सादगी, सेवा और जनहित के प्रति समर्पण का उदाहरण था. उनके निधन से झारखंड की राजनीति ने एक अनुभवी और लोकप्रिय जननेता को खो दिया है.
दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि
श्रद्धांजलि सभा में मौजूद सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की. झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करें.
धनबाद में राजकीय सम्मान के साथ होगा सुपुर्द-ए-खाक
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि 15 जुलाई को दोपहर 1 बजे धनबाद में मन्नान मलिक को राजकीय सम्मान के साथ सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा. मन्नान मलिक के निधन पर उज्ज्वल तिवारी, अख्तर अली, मदन महतो, नीतू देवी, राकेश सिन्हा सहित कांग्रेस के अनेक नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.
