Ranchi : झारखंड की सियासत और कांग्रेस संगठन के भीतर पनपे असंतोष को शांत करने के लिए ‘डैमेज कंट्रोल’ की कवायद तेज हो गई है. पार्टी में जारी अंदरूनी खींचतान के बीच, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और पूर्व सांसद धीरज साहू ने मोर्चा संभालते हुए नाराज चल रहे राज्य के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर से उनके अशोक नगर स्थित आवास पर मुलाकात की. इस लंबी चली बैठक के बाद, आखिरकार वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने नरमी दिखाते हुए आगामी 18 मई तक किसी भी प्रकार की सार्वजनिक बयानबाजी न करने का आश्वासन दिया है.
पार्टी हित सर्वोपरि, मर्यादा में रहे संवाद: डॉ. इरफान अंसारी
मुलाकात के बाद स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस एक परिवार की तरह है और परिवार के भीतर के विषयों को घर की दहलीज के भीतर ही सुलझाया जाना चाहिए. उन्होंने कहा राधा कृष्ण किशोर जी हमारे अभिभावक और वरिष्ठ नेता हैं. वे केवल दलित समाज ही नहीं, बल्कि अल्पसंख्यकों और वंचितों की भी प्रखर आवाज हैं. उनके सुझावों और भावनाओं को हम पूरी गंभीरता के साथ आलाकमान तक पहुंचाने का काम करेंगे.

18 मई तक का ‘अल्टीमेटम’ और के. राजू से मुलाकात
वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने अपनी नाराजगी को छिपाया नहीं, लेकिन संगठन की मजबूती के लिए संयम बरतने की बात कही. उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि उनकी बातें पार्टी विरोधी नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और सम्मान से जुड़ी हैं.
