Ranchi: झारखंड उच्च न्यायालय में राज्य सरकार का पक्ष मजबूती से रखने और कानूनी मुकदमों के प्रभावी पैरवी के लिए विधि (कानून) विभाग ने बड़ा कदम उठाया है. सरकार ने विभिन्न श्रेणियों के 61 लॉ अफसरों की नियुक्ति के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है. ‘झारखंड लॉ ऑफिसर (एंगेजमेंट) रूल्स, 2026’ के तहत जारी इस विज्ञापन के जरिए योग्य एवं अनुभवी अधिवक्ताओं से आवेदन मांगे गए हैं. इच्छुक उम्मीदवार 11 अगस्त 2026 की शाम तक अपने आवेदन पत्र ऑनलाइन जमा कर सकते हैं.

पदों का पूरा गणित: किस पद पर कितनी होगी तैनाती
राज्य सरकार द्वारा जारी आधिकारिक रोस्टर के अनुसार, उच्च न्यायालय के लिए कुल 61 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी.
सीनियर एडिशनल एडवोकेट जनरल: 01 पद
एडिशनल एडवोकेट जनरल: 03 पद
स्टैंडिंग काउंसल : 02 पद
गवर्नमेंट प्लीडर : 05 पद
गवर्नमेंट एडवोकेट : 40 पद (सर्वाधिक सीटें)
लॉ रिसर्च ऑफिसर : 10 पद
आवेदन का डिजिटल तरीका: डाक या कूरियर से भेजा तो निरस्त होगा फॉर्म
विभाग ने आवेदन प्रक्रिया को पूरी तरह से पारदर्शी और डिजिटल रखा है. अभ्यर्थियों को सरकार द्वारा निर्धारित प्रारूप में अपना आवेदन पत्र भरकर, उसके साथ सभी शैक्षणिक योग्यताओं, एनरोलमेंट सर्टिफिकेट और वकालत के अनुभवों की स्व-सत्यापित पीडीएफ कॉपी तैयार करनी होगी. इस PDF को केवल आधिकारिक ईमेल आईडी— lawofficerapt@jharkhandmail.gov.in पर भेजना अनिवार्य है. व्यक्तिगत रूप से, डाक या कूरियर (ऑफलाइन/फिजिकल मोड) से भेजे गए किसी भी आवेदन को सीधे खारिज कर दिया जाएगा. 11 अगस्त 2026 की निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा.

ALSO READ: बांग्लादेश में पहले भी हिंदुओं पर होते थे अत्याचार, अब भी यह जारी : तस्लीमा नसरीन
