झारखंड: विधायक के निजी चालक की काटकर हत्या, माता-पिता और बेटी भी गंभीर रूप से घायल

Koderma : विधायक के निजी चालक की काटकर बेहरमी से हत्या कर दी गई. यह घटना कोडरमा थाना क्षेत्र के चितरपुर गांव...

Koderma : विधायक के निजी चालक की काटकर बेहरमी से हत्या कर दी गई. यह घटना कोडरमा थाना क्षेत्र के चितरपुर गांव में बुधवार की देर रात जमीन विवाद को लेकर हुई है. कोडरमा विधानसभा क्षेत्र की विधायक डॉ. नीरा यादव के निजी वाहन चालक राजकुमार यादव की धारदार हथियार से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. बीच-बचाव करने आए राजकुमार के वृद्ध माता-पिता और उनकी मासूम बेटी पर भी जानलेवा हमला किया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. इस हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और गांव में भारी तनाव का माहौल है. वहीं दूसरी तरफ गुरुवार की सुबह विधायक के चालक के शव के साथ परिजनों ने रांची-पटना हाइवे को जाम कर दिया, जिस वजह से वाहनों की लंबी कतार लग गई हैं.

विधायक के कार्यक्रम से लौटते ही आया था फोन:

जानकारी के अनुसार, मृतक राजकुमार यादव बुधवार की देर रात करीब 8:30 बजे तक विधायक डॉ. नीरा यादव के साथ ही थे. वे झुमरीतिलैया में आयोजित एक राजनीतिक व सामाजिक कार्यक्रम से ड्यूटी पूरी कर लौटे थे. इसी दौरान उनके मोबाइल पर परिजनों का फोन आया. परिजनों ने रोते हुए बताया कि गांव में गोतिया परिवार के लोग जमीन के एक टुकड़े को लेकर विवाद कर रहे हैं और बात मारपीट तक पहुंच गई है.

बीच-बचाव करने पहुंचे थे राजकुमार, घात लगाकर बैठे आरोपियों ने किया हमला:

घर पर विवाद और झगड़े की सूचना मिलते ही राजकुमार यादव बिना वक्त गंवाए तत्काल अपने गांव चितरपुर के लिए रवाना हो गए. बताया जाता है कि जब वे वहां पहुंचे, तो दोनों पक्षों के बीच विवाद हो रहा था राजकुमार ने जैसे ही मामले को शांत कराने और बीच-बचाव करने का प्रयास किया, वैसे ही विपक्षियों ने उन पर हमला कर दिया. आरोपियों ने पहले से तैयार रखे धारदार हथियार और कुदाल से राजकुमार पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए. सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगने के कारण राजकुमार लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े. अत्यधिक खून बह जाने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई. इस हिंसक हमले में राजकुमार के पिता दशरथ यादव, मां सुधा देवी और बेटी सोनिका कुमारी पर भी कुदाल से जानलेवा हमला किया गया. तीनों गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

विधायक के फोन के बाद भी पुलिस नहीं रोक सकी वारदात:

सूत्रों से मिली बेहद चौंकाने वाली जानकारी के अनुसार, घटना से ठीक पहले जब विवाद शुरू हुआ था, तब खुद विधायक डॉ. नीरा यादव को भी इसकी भनक लग गई थी. उन्होंने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल कोडरमा थाना प्रभारी को फोन किया था और मौके पर पुलिस भेजने को कहा था. इसके बावजूद पुलिस समय रहते स्थिति को नहीं संभाल सकी और विवाद ने एक भयानक हिंसक रूप ले लिया, जिसमें चालक की हत्या कर दी गई. चालक की हत्या की खबर मिलते ही विधायक डॉ. नीरा यादव वे देर रात ही सदर अस्पताल पहुंचीं.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *